Madhya Pradesh

मप्रः राज्यपाल पटेल समेत मंत्रिगणों ने मुख्यमंत्री के पिता पूनम चंद यादव के निधन पर व्यक्त किया शोक

मप्रः राज्यपाल पटेल समेत मंत्रिगणों ने मुख्यमंत्री के पिता पूनम चंद यादव के निधन पर व्यक्त किया शोक

– राज्यपाल ने फोन पर चर्चा कर प्रकट की संवेदनाएं

भोपाल, 3 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल मंगुभाई पटेल समेत राज्य के मंत्रिगणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फोन पर चर्चा कर शोक संवेदना प्रकट कर सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजन को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिताजी सेठ पूनमचंद यादव का मंगलवार देर शाम को निधन हो गया। वे 100 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ होने से उज्जैन अस्पताल में उपचाररत थे। उनके निधन की खबर मिलने पर राजनैतिक, प्रशासनिक और आमजन में शोक व्याप्त है। दिवंगत पूनमचंद यादव ने शुरुआती जीवन में संघर्ष के साथ आगे बढ़ते हुए अपने परिवार का बेहतर लालन-पालन किया। उनके परिवार में तीन पुत्र नंदू यादव, नारायण यादव और डॉ. मोहन यादव के साथ दो पुत्रियां कलावती यादव एवं शांति देवी हैं। वे अपने पीछे पुत्र-पुत्रियों, नाती-पोतों, परनाती, प्रपोत्र सहित भरापूरा परिवार छोड़कर देवलोक गमन कर गये। स्व. यादव जीवट इंसान रहे और अंतिम समय तक 100 वर्ष की आयु होने पर भी उन्होंने अपना कार्य स्वयं किया।

अंतिम यात्रा 4 सितम्बर को प्रात: 11.30 बजे निकलेगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मंगलवार शाम को मंत्रालय में कैबिनेट एवं अन्य विभागीय बैठकों के दौरान जैसे ही उनके पिताजी के निधन की खबर मिली, वे तत्काल उज्जैन के लिये रवाना हो गए। स्व. पूनमचंद यादव की अंतिम यात्रा बुधवार, 4 सितम्बर को प्रात: 11.30 बजे उनके निज निवास गीता कॉलोनी अब्दालपुरा उज्जैन से प्रारंभ होगी। उनका अंतिम संस्कार क्षिप्रा तट पर भूखीमाता मंदिर के पास होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिताजी के निधन पर मंत्रिगणों ने शोक व्यक्त किया है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पिता जीवन में एक वट वृक्ष की तरह होता है जिसकी छाया सदैव उसकी संततियों को संबल प्रदान करती है। उन्होंने स्वर्गीय पूनमचंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और कष्ट की इस घड़ी में परिवार जन को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि पिता के बिना जीवन सदैव अपूर्ण होता है। दुख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि वह भोले नाथ से विनम्र प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिजन को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करे।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और परिजन को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

सामाजिक न्याय दिव्यांगजन कल्याण उद्यानकी एवं खाद्य प्र-संस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पिता के आसमयिक निधन पर गहरा शौक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिता पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने अपने शोक संदेश में भगवान से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने एवं इस दुखद घड़ी में परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुखद घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पूज्य पिताजी के निधन के समाचार से उन्हें दुख और पीड़ा पहुँची है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने एवं शोक संतप्त परिवार को दुखद घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top