Uttar Pradesh

भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

लखनऊ, 03 सितंबर (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा हैं। किसान परेशान है। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। समाज का हर वर्ग परेशान, बदहाल है। 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रूख गोरखपुर की तरफ होगा। अखिलेश यादव आज यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनता अपनी सरकार बनाना चाहती है। वह 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को बेदखल कर सत्ता में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। राज्य की जनता समाजवादी सरकार के समय हुए विकास से परिचित है। जबसे भाजपा की सरकार सत्ता में आई हैं प्रदेश हर स्तर पर पिछड़ता चला गया है। विकास पूरी तरह अवरूद्ध है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति को निष्प्रभावी बनाने में पीडीए एक सशक्त भरोसा साबित हुआ है। सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना का होना आवश्यक है। समाजवादी पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का राजनीतिक चरित्र ही विकास विरोधी है। पिछले सात वर्षों में भाजपा ने विकास के नाम पर कोई काम नहीं किया है और न ही भाजपा नेतृत्व के पास विकास का कोई विजन है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रति जनता का भरोसा है। भाजपा का एजेंडा समाज में नफरत फैलाकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ कर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करना है। समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा के इन मंसूबों को कभी भी पूरा नहीं होने देगा। जनता समझ रही है कि उसको समाजवादी सरकार बनने पर ही तमाम समस्याओं से छुटकारा मिल सकेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top