Uttar Pradesh

कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी की जयंती मनी

पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते कांग्रेसी: फोटो बच्चा गुप्ता

-पंडित जी के मूर्ति पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया माल्यार्पण

वाराणसी, 03 सितम्बर (Udaipur Kiran) । स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कांग्रेस के दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती पर मंगलवार को उन्हें याद किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने इंग्लिशिया लाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाबू (पं. कमलापति त्रिपाठी) के सपनों का कांग्रेस संगठित करने में हम सब एकजुट हों यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अजय राय ने कहा कि आज पंडित जी की जयंती पर कांग्रेसी शपथ लेते हैं कि नफरत की राजनीति को खत्म करेंगे। पंडित जी के दिखाए मार्ग पर चलते रहेंगे । प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा के सदस्यता अभियान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सदस्यता अभियान को प्रोपेगैंडा बताया। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जब एक बार पार्टी का कोई सदस्य बन गया तो उसे बार-बार सदस्य बनाने का क्या मतलब। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संत वाले बयान पर अजय राय ने कहा कि संतों को पूज्यनीय माना जाता है लेकिन गेरुआ पहन कर झूठ बोलना, लोगों को गुमराह करने से संतों के प्रति विश्वास कम हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुलडोजर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि द्वेषपूर्ण तरीके से बुलडोजर का इस्तेमाल किया जा रहा था। उत्तर प्रदेश के बाद आसपास के भी कई राज्यों में इस वैमनस्यतापूर्ण तरीके से बुलडोजर का इस्तेमाल हो रहा था। आईआईटी बीएचयू की छात्रा से गैंगरेप के आरोपितों को जमानत मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे आरोपितों को जेल से निकलने पर उनका फूल माला पहनकर स्वागत किया जा रहा है। इस तरीके की घटना में जो भी दोषी है, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा सरकार ने अपराधियों का हौसला बढ़ा दिया है। बेटियां, बहनें असुरक्षित हो गई हैं और अपराधी खुलेआम स्वागत करा रहे हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top