WORLD

शिकागो में ट्रेन में चार लोगों की गोली मारकर हत्या

शिकागो , 03 सितंबर (Udaipur Kiran) । अमेरिका के शिकागो उपनगर में सोमवार को ट्रांजिट ट्रेन में चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जैसे ही ट्रेन इलियाना में फॉरेस्ट पार्क स्टेशन पर पहुंची तो चार यात्रियों को गोली मार दी गई। गोलीबारी का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। यह जानकारी अमेरिका के अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट में दी है।

अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी करने वाला मौके से फरार हो गया। बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया । विलेज ऑफ फॉरेस्ट पार्क ने बताया कि यह वारदात शिकागो से लगभग 10 मील पश्चिम में फॉरेस्ट पार्क स्टेशन पर हुई। पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 5ः30 दी गई। तीन लोगों को स्टेशन पर मृत घोषित कर दिया गया। चौथे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

फॉरेस्ट पार्क पुलिस विभाग के उप प्रमुख क्रिस्टोफर चिन ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गोलीबारी ट्रेन के दो डिब्बों में हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है की गोलीबारी के समय ट्रेन में कितने लोग थे। पुलिस ने पिंक लाइन स्टेशन पर हत्यारे को खोजने के लिए सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top