Madhya Pradesh

परिवार विस्तार के क्रम में अमिट छाप छोड़ेगा संगठन पर्व: डॉ. मोहन यादव

परिवार विस्तार के क्रम में अमिट छाप छोड़ेगा संगठन पर्व: डॉ. मोहन यादव

– वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने संगठन पर्व के शुभारंभ कार्यक्रम को लाइव देखा, आतिशबाजी कर मनाया उत्सव

भोपाल, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के संगठन पर्व का आज शुभारंभ हो गया है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी को पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सदस्य बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के पहले सदस्य बनकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया है। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पार्टी के सदस्य बने। यह संगठन पर्व परिवार के विस्तार का अभियान है। मैं यह मानता हूं कि संगठन पर्व परिवार विस्तार के क्रम में अमिट छाप छोड़ेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पार्टी के संगठन पर्व के शुभारंभ कार्यक्रम के बाद भोपाल में पार्टी नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संगठन पर्व के शुभारंभ पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए ने कहा कि मंगलवार 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे मध्यप्रदेश में संगठन का शुभारंभ किया जाएगा और पार्टी द्वारा तय किए गए लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर भाजपा परिवार को और सशक्त बनाने का कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हाथों सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के संगठन पर्व का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी की सदस्यता ली। संगठन पर्व के शुभारंभ कार्यक्रम का भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यलय में लाइव प्रसारण को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों ने देखा व केंद्रीय नेतृत्व के उद्बोधन को सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात् भाजपा प्रदेश कार्यालय में आतिशवाजी कर उत्सव मनाया गया।

लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्य करेंगे: विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा जी के हाथों सदस्य बनकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया है। संगठन पर्व देशभर में चलने वाला अभियान है। मंगलवार 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्यता दिलाकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया जाएगा। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि इस अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लें एवं अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलवाएं, ताकि मध्यप्रदेश अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बना सके। मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता दिए गए हर लक्ष्य को हमेशा से पूरा करते आए हैं, संगठन पर्व में भी मध्यप्रदेश को जो लक्ष्य दिया गया है उससे अधिक सदस्य बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता जुट जाएं।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, प्रतिमा बागरी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, सांसद लता वानखेड़े, शिवमंगल सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, विजय दुबे, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा, शैलेन्द्र जैन, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एजाज खान, सत्येन्द्र भूषण सिंह एवं शैलेन्द्र शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top