Sports

पेरिस पैरालंपिक में भारत को मिला चौथा पदक, मनीष नरवाल ने रजत पर साधा निशाना

मनीष नरवाल

पेरिस, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । पेरिस पैरालंपिक 2024 में शुक्रवार को दूसरे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। भारत के स्टार पैरा शूटर मनीष नरवाल ने पेरिस पैरालंपिक में भारत को चौथा पदक दिलाया है। उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीता है।

निशानेबाज मनीष नरवाल मेन्स 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा के फाइनल में 234.9 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक हासिल किया। मनीष ने टोक्यो पैरालंपिक गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन किया था। तब उन्होंने पी4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच-1 इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस तरह लगातार दूसरे पैरालंपिक में उन्होंने पदक जीता है।

इस स्पर्धा के फाइनल में कोरिया के जो जेओंगडु पहले स्थान पर रहे। उन्होंने 237.4 का स्कोर किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। चीन के यांग चाओ ने 214.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

चार हुई पदकों की संख्या

पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत के पदकों की संख्या अब चार हो गई है। इसमें एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हैं। स्टार शूटर अवनि लेखरा ने आर-2 महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया और मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत की युवा पैरा एथलीट प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर (टी35) दौड़ स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। अब पैरा शूटर मनीष नरवाल ने रजत पदक जीता है।

———————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top