CRIME

व्यापारी से लूट के दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगी

गिरफ्तार बदमाश
गिरफ्तार बदमाश
मौजूद पुलिस टीम

फिरोजाबाद, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने बुधवार की रात में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल दोनों बदमाशों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही बदमाश व्यापारी से लूट के मामले में फरार थे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थानाध्यक्ष सिरसागंज वैभव कुमार सिंह बुधवार की रात में एसओजी टीम के साथ कठफोरी चौकी से नंगला खंगर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। तभी चेकिंग के दौरान 2 संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आते हुए दिखाई दिये। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह तेजी से मोटर साइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हड़बडाहट में उनकी मोटर साइकिल फिसलकर गिर गयी। पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख इन संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा खुद को बचाते हुए आत्मरक्षार्थ की गयी फायरिंग में अभियुक्तों को गोली लग गयी। पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में उन्हें गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 2 तमंचा 315 बोर, 4 खोखा कारतूस 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस 315 बोर, 1 मोटरसाइकिल (काली पल्सर) एवं व्यापारी से लूटे गये 21,500 रुपये बरामद हुए हैं। घायल अभियुक्तों की पहचान शरीफ पुत्र शौकीन निवासी ग्राम नगला खुशहाली थाना सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद व गौरव कुमार पुत्र जितेन्द्र यादव निवासी ग्राम सलूक नगर थाना बरनाहल मैनपुरी के रूप में हुई है।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों ने 4 अगस्त को कस्बा सिरसागंज में व्यापारी राकेश जैन के साथ लूट कारित की है। इस घटना में यह दोनों वांछित अभियुक्त हैं। घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त शरीफ थाना सिरसागंज का हिस्ट्री शीटर एवं टॉप-10 अभियुक्त है। इसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त गौरव जनपद मैनपुरी के थाना बरनाहल का हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त है। इसके विरुद्ध भी विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top