Madhya Pradesh

संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार हैः डॉ. मोहन यादव

संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार हैः डॉ. मोहन यादव
संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार हैः डॉ. मोहन यादव
संगठन पर्व हमारे लिए पार्टी का सबसे बड़ा त्योहार हैः डॉ. मोहन यादव

– भाजपा कार्यालय में संगठन पर्व को लेकर हुई मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक

भोपाल, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा के संगठन पर्व को लेकर बुधवार को यहां पार्टी कार्यालय में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संगठन पर्व हमारे लिए सबसे बड़ा त्योहार है। हमें गर्व है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हमारी है। हम सामूहिक रूप से एक साथ मिलकर पार्टी के संगठन पर्व के अभियान को सार्थक करेंगे। हम हमेशा दो दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े हैं। देश की संस्कृति और लोकतंत्र की निष्ठा के दृष्टिकोण ने हमें सबसे अलग खड़ा किया है।

उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक हमने लोकतंत्र को जिंदा रखा है। कांग्रेस ने हमेशा झूठ और चालाकियां की हैं। कांग्रेस संविधान के नाम पर देश को गुमराह करने का काम कर रही हैं। महात्मा गांधी ने कहा था कि आजादी के बाद कांग्रेस को राजनीतिक यात्रा नहीं करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे नहीं माना और आज भी कांग्रेस सुधरने का नाम नहीं ले रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 सालों में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। अभी हाल ही में यूक्रेन-रूस से बातचीत कर शांति वार्ता की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। दुनिया भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। य़ह कोई छोटी-मोटी बात नहीं है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहां विकास नहीं हुआ हो और विकास ने रफ्तार नहीं पकड़ी हो। सदस्यता अभियान में हमें इस अनुकूलता का लाभ लेना चाहिए।

अपनी-अपनी भूमिका निभाकर लक्ष्य हासिल कर सकते हैं कार्यकर्ताः विष्णुदत्त शर्मा

बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमने 163 सीटें हासिल की और लोकसभा चुनाव में 29 में से 29 सीटें जीतकर इतिहास रचा। इन चुनावों में हमारे मोर्चों और प्रकोष्ठ ने यह चरितार्थ कर दिया कि ’संगठन तंत्र की ताकत ही वैभव का चित्र सजाती है’। हमारे मोर्चे और प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बनाने के माध्यम हैं। मध्यप्रदेश स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी और प्यारेलाल खंडेलवाल जैसे कार्यकर्ताओं का प्रदेश है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत और उसका चेहरा है। सदस्यता अभियान में अगर हर कार्यकर्ता अपनी-अपनी भूमिका का निर्वाह करे, तो 1.5 करोड़ नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य बहुत आसानी से हासिल किया जा सकता है।

विद्वेष फैलाने वालों पर प्रहार के लिए पार्टी की ताकत बढ़ाना जरूरी

शर्मा ने कहा कि हमें हर बूथ पर 200 नए सदस्य जोड़ना है और इस काम में हर मोर्चे की भूमिका होनी चाहिए। इसके लिए हर मोर्चा और प्रकोष्ठ एडवांस प्लानिंग करें और ठीक तरीके से योजनाएं बनाएं। हमारे 25 हजार जनप्रतिनिधि हैं और सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में काम करना है। अनेक बूथों पर हम अधिक सशक्त नहीं हैं। जहां हमें इतने नए सदस्यों को जोड़ना है कि हर बूथ पर कमल खिले। हर समाज और वर्ग के लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। हमें उन तक पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, उनमें मजबूती प्रदान करने के लिए है। देश में आज भी कई ताकतें विद्वेष फैला रही हैं। इन ताकतों पर प्रहार करने के लिए भाजपा का शक्तिशाली होना जरूरी है। इसलिए सदस्यता अभियान में पार्टी का विस्तार कर पार्टी की ताकत बढ़ाएं।

कार्यकर्ताओं के परिश्रम से दुनिया की आशाओं के केंद्र बने मोदीः डॉ. महेंद्र सिंह

बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि भाजपा हमारी मां है और वास्तव में हमारी पार्टी हम सभी की मां है। हम आज जो भी हैं, वो भाजपा के कारण हैं। उन्होंने कहा कि भारत उस समय विश्व गुरु था, जब भारत पर भारत के ही लोगों का शासन था। आज देश के 57 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का परचम फहरा रहा है। ये मोदी जी का प्रभाव ही है कि विदेशी आक्रांता हमारी जिस धरोहर को लूटकर ले गए थे, उसमें से ऐतिहासिक महत्व की 65 मूर्तियों और 105 कलाकृतियों को वापस लाया जा चुका है। दुनिया के 14 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी जी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया है। दुनिया आज हर समस्या का समाधान भारत और प्रधानमंत्री मोदी में देख रही है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ ले रही हैं। बाबा साहेब अंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों का विकास आजादी के बाद पहली बार मोदी सरकार ने किया है और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी मोदी सरकार के कार्यकाल में हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार पिछड़ा वर्ग आयोग की स्थापना की और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए। मध्यप्रदेश में सभी उपचार पद्धतियों के लाखों डॉक्टर हैं। बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी हैं और झुग्गी-झोपड़ियों में निवास करने वाले लोग लोकतंत्र में सक्रिय योगदान देते हैं। इसलिए पार्टी का हर मोर्चा और प्रकोष्ठ सदस्यता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने लक्ष्य तय करें।

बैठक को मध्यप्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री विधायक भगवानदास सबनानी एवं आभार मध्यप्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी ने माना। इस दौरान मंच पर प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, हरिशंकर खटीक, सरतेंदु तिवारी एवं सांसद व प्रदेश प्रवक्ता सुमेर सिंह सोलंकी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top