Haryana

सैलजा काे भावी मुख्यमंत्री घोषित कर दलित हितैषी हाेने का प्रमाण दें राहुल गांधी: हरियाणा भाजपा

भाजपा द्वारा किया गया ट्वीट

कांग्रेस अध्यक्ष ने किया पलटवार, कहा- क्या राजस्थान व मध्य प्रदेश में भाजपा ने घोषित किया था चेहरा

चंडीगढ़, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस में मची अंदरुनी कलह के बीच जातिवाद के मुद्दे पर बड़ा दांव चला है। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाना साधते हुए कुमारी सैलजा को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने की मांग उठाई है। कांग्रेस ने भी इस पर पलटवार कर भाजपा से

पूछा कि क्या भाजपा ने राजस्थान व मध्य प्रदेश में चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया था।

भारतीय जनता पार्टी के इस ट्वीट के बाद प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा से अधिक कांग्रेस में इसकी चर्चा हो रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर ‘जंग’ चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा उनके सांसद पुत्र दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में माना जाता है। इस बार के चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं। इसके अलावा पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव भी अहीरवाल की चौधर का नारा देते रहे हैं। कुमारी सैलजा के समर्थन में पहले ही प्रदेश के कई जिलों में मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग करने वाले बैनर लग चुके हैं।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट कर राहुल गांधी को लेकर भी कटाक्ष किया है। भाजपा ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘राहुल गांधी एससी वर्ग का खूब पक्ष रख रहे हैं। भाजपा ने तो पिछले वर्ग के नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बना दिया। राहुल गांधी, कुमारी सैलजा को हरियाणा से मुख्यमंत्री प्रत्याशी घोषित करें ताकि पता चले कि वे समाज के कितने शुभचिंतक हैं।’ भाजपा की यह पोस्ट दिनभर राजनीतिक व प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का विषय बनी रही।

कांग्रेस ने भाजपा की इस पोस्ट पर पलटवार किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान ने भाजपा की पोस्ट पर सवाल दागते हुए कहा कि क्या भाजपा ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा पहले घोषित किया था। क्या भाजपा ने वर्ष 2014 में मनोहर लाल को हरियाणा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। ऐसे में कांग्रेस क्यों पहले मुख्यमंत्री नाम का ऐलान करे। भाजपा विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा पहले ही घोषित कर चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हरियाणा दौरे व पंचकूला में हुई पदाधिकारियों की बैठक में स्पष्ट तौर पर कह चुके हैं कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़े जाएंगे और वही मुख्यमंत्री का चेहरा भी होंगे। भाजपा इससे पहले वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में बिना चेहरा घोषित किए चुनावी मैदान में उतरी थी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top