CRIME

पति-पत्नी का झगड़ा शांत करवाते व्यक्ति की मौत

ऊना, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । ऊना जिला के मवा कहोलां गांव में बिहार के मजदूरों में हुई आपसी लड़ाई में एक मजदूर के सिर पर डंडा लग जाने से उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद हत्यारोपी घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है जबकि मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है। गगरेट पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गगरेट के मवा सिंधिया गांव में बिहार के सारन जिले की तीन सगी बहनें अपने पतियों व परिवार के साथ मेहनत मजदूरी करने के लिए यहां रहती हैं। बुधवार को इनके पति मजदूरी के लिए सुबह घर से निकले और दोपहर को खाना खाने के लिए घर आ गए। यहां आकर एक मजदूर छठू महतो ने शराब का सेवन कर लिया और किसी बात पर उसकी पत्नी के साथ बहस हो गई। जिस पर छठू महतो इतने गुस्से में आ गया कि उसने अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। यह देखकर उसका सांडू अपनी साली को बचाने के लिए बीच में कूद गया और सांढू शत्रुघन व छठू महतो आपस में फंस गए। इसी बीच छठू महतो ने शत्रुघन के सिर पर भी डंडे का जोरदार प्रहार कर दिया। इसके चलते शत्रुघन बुरी तरह से लहूलुहान होकर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह देखकर छठू महतो मौका से फरार हो गया।

शत्रुघन को दौलतपुर चौक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने छठू महतो की तलाश शुरू कर दी है। छठू महतो की मोबाइल लोकेशन यहीं की आ रही है लेकिन समाचार लिखे जाने तक वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था। मृतक शत्रुघन के तीन बच्चे हैं जबकि आरोपी छठू महतो के भी तीन ही बच्चे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मजदूर परिवारों की बस्ती में मातम छा गया है।

डीएसपी डा वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top