Chhattisgarh

भाजपा सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है-कांग्रेस

कांग्रेस के मीडिया विभाग के सुशील आनंद शुक्ला की पत्रकार वार्ता

रायपुर, 27 अगस्त (Udaipur Kiran) ।भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी ने कड़ी निंदा की है।कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आज मंगलवार काे पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। भाजपा सरकार के पुलिस का आत तायी चेहरा सर्वथा अस्वीकार्य है। सरकार अपनी राजनैतिक मर्यादा का उल्लंघन कर रही। प्रदेश के राजनैतिक वातावरण को दूषित करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ‘भिलाई में पुलिस ने बेवजह कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से भूपेश बघेल का काफिला रोके जाने पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। अपने कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलने से कांग्रेस के नेता नाराज हैं।भूपेश बघेल और दीपक बैज ने ट्वीट कर घटना की निंदा की है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पहले झूठे मुकदमे में डेढ़ दर्जन से अधिक धाराओं के तहत कांग्रेस के विधायक को गिरफ्तार किया जाता है। हमारे विधायक को ऐसे अपराध में गिरफ्तार किया गया जिसमें वे शामिल नहीं रहे। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रोका गया। भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का मुक्की करते । जब कांग्रेस के लोग इस मामले में अल्टीमेटम देकर थाने का घेराव करने जाते हैं तो लाठीचार्ज कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपनी विदाई का मार्ग स्वयं तैयार कर रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे।भाजपा के अनुषांगिक संगठन बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता दादागिरी किये थे, सड़क जाम करके उपद्रव मचा रहे थे, पूर्व मुख्यमंत्री के साथ, उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ बदतमीजी कर रहे थे। पुलिस ने उन पर कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है।

उन्होंने कहा कि सरकार सोचती है कि लाठियां चलवाकर वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दबा लेगी तो सरकार मुगालते में है।जितना अत्याचार करेंगे हमारा हौसला उतना मजबूत होगा। कांग्रेस की आक्रामकता से, हमारे द्वारा लगातार चलाये जा रहे आंदोलनों से सरकार डर गयी है, घबरा गयी है। वह बर्बरता पर उतर गयी है। हम सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेंगे। हम इनके लाठियों, गोलियों से डरने वाले नहीं है।पुलिस चोरी ऊपर से सीनाजोरी कर रही एक तो पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला होता है, दूसरा हमारे पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही।उन्होंने आरोप लगाया कि चरोदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर के खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस की सह पर भाजयुमो प्रदर्शन करता है, पहले खुद अभद्रता करते है बाद में दबाव बनाते है।भाजपा और सरकार अपने अराजक कार्यकर्ताओं पर अंकुश लगाये अन्यथा कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे।

ज्ञात हो कि भिलाई तीन थाने का घेराव कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने आज मंगलवार को लाठियां भांजी।भिलाई में आज हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस के जवान भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने हंगामे को लेकर कड़ा एक्शन लेने की बात कही है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता नितिन भंसाली, सत्यप्रकाश, सारिक रईस खान उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Most Popular

To Top