Uttar Pradesh

भाजपा काशी क्षेत्र ने सदस्यता अभियान की तैयारी शुरू की, एक सितम्बर से शुरूआत

भाजपा काशी क्षेत्र की कार्यशाला: फोटो बच्चा गुप्ता

—सदस्य बनाते समय पार्टी की निष्ठा, दर्शन एवं संकल्प अवश्य बताएं: अरुण पाठक

वाराणसी, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । पूरे देश में पूरब से लेकर पश्चिम तक, उत्तर से लेकर दक्षिण तक हर जगह भाजपा का संगठन विस्तार पर जोर है। आगामी 01 सितम्बर से शुरू होने वाली सदस्यता अभियान को पार्टी महापर्व के रूप में ले रही है। इसके लिए काशी क्षेत्र में भी तैयारी शुरू हो गई है। रविवार को सिगरा गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश, क्षेत्र एवं महानगर पदाधिकारियों की आयोजित कार्यशाला में सदस्यता अभियान को लेकर विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि एक सितम्बर को राष्ट्रीय स्तर पर, 2-3 सितम्बर को प्रदेश स्तर पर एवं 4-5-6 सितम्बर को जिला स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी। 7 सितम्बर से आमजनों को सदस्य बनाया जाएगा, इसके लिए आवश्यक है कि जिन्हें भी सदस्यता अभियान से जोड़ना है ऐसे कार्यकर्ताओ को प्रशिक्षित करना अनिवार्य है। डिजिटल माध्यम से सदस्यता लेने के लिए 8800002024 पर मिस्ड काल करना आवश्यक है।

जिले के प्रभारी एवं एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ने वाला सूत्र है भारत के सांस्कृतिक मूल्य, हमारी निष्ठाएं और भारत के परम वैभव को प्राप्त करने का संकल्प। पार्टी की विचारधारा को एक पंक्ति में कहना हो तो वह है ‘भारत माता की जय’। भाजपा के संविधान की धारा 3 के अनुसार एकात्म मानववाद हमारा मूल दर्शन है। अरुण पाठक ने कहा कि 2014 में हमने बड़ा अभियान लिया था, 2019 में भी हमने सदस्यता का अभियान चलाया था। भाजपा का संगठन अखिल भारतीय स्तर से लेकर बूथ तक है। भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। देश के हर हिस्से में भाजपा का प्रभाव है। ऐसे में हमें प्रदेश के हर घर में भाजपा का सदस्य बनाना है, इसके लिए संगठन के अभियान को योजनापूर्वक घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। इसके लिए पार्टी के महापर्व में सब सक्रियता से जुड़कर अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

पाठक ने सदस्यता अभियान के बारे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 25 सितंबर तक प्राथमिक सदस्यता अभियान, 1 से 15 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान एवं विशिष्ट सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ,संचालन महानगर महामंत्री राहुल सिंह,धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अशोक पटेल ने किया।

कार्यशाला में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, शंकर गिरी, डॉ राजेश मिश्रा, राकेश त्रिवेदी, मृदुला जायसवाल, डॉ शिवनाथ यादव, केदारनाथ सिंह, तुलसी सुब्रमण्यम जोशी, डॉ वीणा पांडेय, अशोक चौरसिया, राकेश शर्मा, सुदामा पटेल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी आदि की मौजूदगी रही।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top