Haryana

गुरुग्राम: सबसे कम उम्र की पर्वतारोही आराध्या अब माउंट चढऩे को तैयार

फोटो नंबर-07: गुरुग्राम के सेक्टर-17 स्थित माधव सेवा केंद्र में सबसे कम उम्र की पर्वतारोही आराध्या को सम्मानित करते नवीन गोयल।

-अब तक छह चोटियों को कर चुकी है फतह

-मात्र 11 साल की उम्र में हासिल की यह उपलब्धि

-आराध्या को नवीन गोयल ने आर्थिक मदद देकर किया सम्मानित

गुरुग्राम, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । आराध्या हरियाणा में सबसे कम उम्र की पर्वतारोही हैं। मात्र 11 साल की उम्र में आराध्या ने चोटी चढऩे में सफलता हासिल की है। अब आराध्या माउंट एवरेस्ट की चोटी पर अमेरिका का रिकॉर्ड तोडऩे जा रही है। आराध्या की सफलताओं पर व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने उन्हें आर्थिक मदद देकर सम्मानित किया। आराध्या 19 मार्च 2025 को माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई के लिए जाएगी।

आराध्या ने अब तक छह चोटियों को फतह किया है। इनमें 17 हजार 999 फीट की कुमाऊं आईस फाल चोटी, 17598 फीट माउंट एवरेस्ट बेस कैंप, 5287 फीट फ्रेंडशिप पीक, 4270 फीट हमता पास, 3800 मीटर फीट ऊंची व्यास कुंड व 5644 फीट ऊंची काला पत्थर चोटी है। बच्ची आराध्या को नवीन गोयल ने माधव सेवा केंद्र में सम्मानित किया। इस दौरान बच्ची को उनके हौंसले व जज्बे के लिए सेल्यूट करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि हमारे देश, प्रदेश के बच्चे बचपन से ही एक मुकाम तय करके अपने जीवन की शुरुआत करते हैं। उनका एक लक्ष्य होता है कि वे इतिहास बनाएंगे। इसी सोच के साथ बच्ची आराध्या ने भी मजबूत हौंसलों के साथ चोटियां फतह करने का काम शुरू किया। नवीन गोयल ने कहा कि हर माता-पिता आराध्या के माता-पिता की तरह से ही बच्चों को शारीरिक, मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम करे। शिक्षा जरूरी है, लेकिन शिक्षा के साथ बाहर की दुनिया से भी बच्चों को रूबरू कराना चाहिए। इस अवसर पर आराध्या ने अपना नया लक्ष्य सांझा करते हुए कहा कि वल्र्ड रिकॉर्ड पूरा करने के लिए और अमेरिका का वल्र्ड रिकार्ड तोडऩे के लिए जा रही है। अब से पहले सबसे कम उम्र में माउंट एवरेस्ट चढऩे का रिकॉर्ड अमेरिका के जॉर्डन रोमेरो का है। वे 13 साल की उम्र में 29028 फीट ऊंची चोटी पर चढ़े थे। जॉर्डन रोमेरो ने नेपाल की पर्वतारोही 16 वर्षीय टेम्बा त्शेरी का रिकॉर्ड तोड़ा था। आराध्या ने कहा कि अब वह इन रिकॉर्ड को तोडक़र अपना रिकॉर्ड बनाने जा रही है।

(Udaipur Kiran) /ईश्वर

(Udaipur Kiran) हरियाणा / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top