Uttrakhand

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों ने दोहराई कांग्रेस के प्रति निष्ठा

समागम में मंचासीन अतिथि

हरिद्वार, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के तत्वाधान में रविवार काे स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के उत्तराधिकारियों के राष्ट्रीय प्रतिनिधि समागम में देश को आजादी दिलाने वाली कांग्रेस के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। कार्यक्रम की शुरुआत एमिनेंट कमेटी के सदस्य स्वतंत्रता सेनानी आनंद सिंह बिष्ट, गणपत राव सिंधे व वीरांगना प्रेमलता ने ध्वजारोहण कर की।

सैनी आश्रम ज्वालापुर में आयोजित इस समागम में देश भर के विभिन्न राज्यों से आए तमाम स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिवारों को एकसूत्र में पिरोकर उन्हें अपने पूर्वजों के मान-सम्मान और स्वयं के अस्तित्व की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धित और संकल्पित किया गया। अमर शहीद जगदीश वत्स के भांजे एवं कार्यक्रम के संचालक श्रीगोपाल नारसन ने स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों को लोकतंत्र सेनानियों से अधिक सम्मान पेंशन देने, विधान मंडल व संसद में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों को प्रतिनिधित्व देने की मांग की। राष्ट्रीय सम्मेलन में इस आशय का एक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया कि उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अनुरूप ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी भी राष्ट्रीय स्तर पर एक स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ का गठन करे जिसकी शाखाएं सभी राज्यों में स्थापित की जाएं, ताकि समान विचारधारा वाले स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के उत्तराधिकारियों को एक उपयुक्त मंच अपनी बात कहने और अपना शक्ति प्रदर्शन करने के लिए मिल सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी व उनके उत्तराधिकारियों को सिर आंखों पर रखेगी और उनके मार्गदर्शन में ही कांग्रेस आगे बढ़ेगी। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आज भारत के पड़ोसी देशों द्वारा देश की सीमाओं पर जिस प्रकार का माहौल बनाया जा रहा है, वह गंभीर विषय है, जिस पर ध्यान देना जरूरी है।

कांग्रेस सीडब्ल्यूसी के सदस्य गणेश गोदियाल ने भी स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों को अपना समर्थन देते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को वंदनीय बताया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर राजीव शाह ने भी सत्य की लड़ाई के लिए झूठ का विरोध करने की अपील की। सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आजादी में कांग्रेस के योगदान की चर्चा की। मध्यप्रदेश से अजय सितलानी, दिल्ली से नित्यानंद शर्मा, कानपुर से हरिराम गुप्ता, कमलेश पांडे अल्मोड़ा से, रमेश मिश्रा बहराइच से, अशोक संधू सतना, बसंत कुमार दास उड़ीसा, सत्यनारायण कटारिया राजस्थान, संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन शरण निश्चल, भगवान पुर विधायक ममता राकेश, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर आदि ने अपने विचार व्यक्त किये। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने चरखा भेंट कर किया।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top