Punjab

अमृतसर में एनआरआई को घर में घुसकर मारी गोली, पांच लोग हिरासत में

-डीजीपी ने दिए जांच के आदेश, पांच हिरासत में

चंडीगढ़, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । पंजाब के अमृतसर में दो युवकों ने शनिवार की सुबह एक एनआरआई के घर में घुसकर फायरिंग कर दी, जिससे अमेरिका में रहने वाला सुखचैन सिंह घायल हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

डीजीपी ने एनआरआई पर फायरिंग की जांच स्पेशल डीजीपी राजेंद्र ढोके को सौंपी है। पुलिस की एक टीम होशियारपुर के टांडा में पहुंची हैं। यहां एनआरआई की दिवंगत पूर्व पत्नी का मायका है। पुलिस ने एनआरआई के परिवार के बयानों के आधार पर उसकी पूर्व मृतक पत्नी के मायके के 5 पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अमृतसर पुलिस के अनुसार सुबह करीब सात बजे बाइक सवार 2 बदमाश घर में घुसे। घर में घुसते ही सुखचैन सिंह की मर्सिडीज कार के कागजात मांगने लगे। सुखचैन ने इसका विरोध किया तो हमलावर हथियारों के बल पर सुखचैन सिंह को अंदर ले गए।

हमलावरों ने पिस्तौल से गोलियां चलाईं, जिनमें से 2 सुखचैन सिंह को लगीं। हमलावर सुखचैन पर और गोलियां चलाना चाहते थे लेकिन उनका पिस्तौल में गोली फंस गई, जिससे और फायर नहीं किए जा सके।

सुखचैन की मौजूदा पत्नी के मुताबिक जिस समय यह घटना हुई, उस समय घर में 2 बच्चे और एक बुजुर्ग मां समेत 5 लोग थे। छोटे बच्चे अपने पिता को छोड़ऩे के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाते रहे लेकिन हमलावर उन्हें जान से मारना चाहते थे।

परिवार के सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि सुखचैन का अपनी पहली पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था। उसकी पहली पत्नी ने 2022 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतका पत्नी के मायके पक्ष की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। उस मामले में पुलिस जांच में सुखचैन को निर्दोष पाया गया था जबकि सुखचैन की मां के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है। मामला अभी कोर्ट में था। उसके 2 बच्चे हैं, जो सुखचैन के साथ रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 5 महीने पहले उसे जान से मारने की धमकी मिली थी। सुखचैन अमेरिका में रहता था। पत्नी की आत्महत्या के बाद वह बच्चों की देखभाल के चलते करीब 1 साल से भारत में रह रहा है। बीच में वह काम के सिलसिले में कई बार अमेरिका गया। करीब एक माह पहले अमेरिका से लौटा सुखचैन अमृतसर के दबुर्जी में ही रुका हुआ था।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा / दधिबल यादव

Most Popular

To Top