HEADLINES

महाराष्ट्र के परभणी के किसानों को जल्द होगा बीमा की लंबित राशि का भुगतान : कृषि मंत्रालय

कृषि मंत्रालय को लोगो

नई दिल्ली, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के परभणी के किसानों को सोयाबीन फसल की लंबित बीमित राशि का जल्द ही भुगतान होगा। कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय ने इस संबंध में शनिवार को दिशा निर्देश जारी कर दिया है। कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय ने इस आशय से संबधित आज एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक परभणी जिले (महाराष्ट्र) के किसानो ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अपनी सोयाबीन फसल का बीमा लंबित होने की समस्या बतायी थी। समस्या के निराकरण के क्रम में मंत्रालय ने बीमा कंपनी को एक सप्ताह के भीतर 200 करोड़ से 225 करोड़ के लंबित क्लेम का भुगतान कराने के लिए आदेश जारी कर दिए। इस फैसले से परभणी जिले के लगभग दो लाख किसानो को लाभ होगा।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 21 अगस्त 2024 को नांदेड़ महाराष्ट्र में किसानों के साथ संवाद किया था | संवाद के दौरान परभणी जिले के किसानो ने केंद्रीय मंत्री से अपनी सोयाबीन फसल का बीमा लंबित होने की समस्या बतायी थी। तब केंद्रीय मंत्री ने कृषि एवं किसान कल्याण के अधिकारियों से इस समस्या का तत्काल निवारण करने का आदेश दिया था।

मंत्रालय के मुताबिक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने इस संबंध में 22 अगस्त 2024 को राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समिति की बैठक की | बैठक में बीमा कंपनी द्वारा फसल कटाई प्रयोगों के ऊपर दर्ज की गयी आपत्ति को ख़ारिज कर दिया। इसके साथ ही आज 24 अगस्त 2024 को इस सम्बन्ध में सम्बंधित बीमा कंपनी को एक सप्ताह के भीतर देय क्लेम का भुगतान करने के लिए केंद्रीय तकनीकी सलाहकार समिति ने आदेश निर्गत किया है |

—————

(Udaipur Kiran) / बिरंचि सिंह / रामानुज

Most Popular

To Top