Uttar Pradesh

सभी ​कार्यकर्ता मिलकर सदस्यता लक्ष्य को पूरा करें : ब्रजेश पाठक

​ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से सदस्यता अभियान कार्यशाला का आयोजन सहकारिता भवन में किया गया। जिस का शुभारम्भ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि हम सभी की सदस्यता शून्य हो चुकी है, हम सभी को स्वयं भी दोबारा सदस्य बनना है और नए लोगों को भी अभियान में जोड़कर भाजपा का सदस्य बनाना है। हम सब मिलकर संगठन के लक्ष्य को पूरा करेंगें और राष्ट्र निर्माण व अंत्योदय के उत्थान हेतु समर्पित भारतीय जनता पार्टी को और प्रभावशाली बनायें।

राज्यसभा सांसद डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान पुराने लोगों को दुबारा जोड़कर उनके मान सम्मान को बनाए रखने का और नए लोगों को पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली से जोड़कर नेतृत्वकर्ता बनने का अवसर है।

प्रदेश उपाध्यक्ष लखनऊ प्रभारी त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित एक जन संगठन है। भारतीय जनता पार्टी अपनी संगठनात्मक संरचना में नवीन लोगों को शामिल करके सतत संगठनात्मक विस्तार करती रहती है। संगठन की सदस्यता विचारधारा की प्रक्रिया है इसलिए सदस्यता को इस बार भी सर्व स्पर्शी सर्वव्यापी और सर्वाग्रही बनाना है।

उत्तर प्रदेश के सभी 98 जिलों में 24 अगस्त तक जिला कार्यशाला सम्पन्न हो जाएगी। इसके उपरांत मंडल और उसके बाद 31 अगस्त को प्रदेश के 1,62,012 बूथों पर भी प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 2017 और 2019 में भी सदस्यता अभियान चलाया गया था। अबकी 1 सितम्बर से 25 सितम्बर प्रथम चरण और उसके उपरांत द्वितीय चरण में 1 से 15 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम 200 सदस्य बनाना है।

जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है वह अपने परिचित के फोन से मिस्ड कॉल दिलवा कर प्राप्त लिंक पर अपनी जानकारी भरवा सकते हैं या फिर जिले से पेपर फॉर्म भरकर भी सदस्य बन सकते हैं। सदस्यता अभियान के लिए सभी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों के लिए सदस्यता लक्ष्य दिया गया है। जिसमें प्रदेश पदाधिकारी 5000, सांसद, विधायक, महापौर 10,000, जिला अध्यक्ष और सहकारी निदेशक 1000 , पार्षद 500 और अन्य सदस्यों को कम से कम 100 सदस्य बनाने हैं।

11 से 17 सितम्बर तक घर घर सम्पर्क का महाजनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिसमें राष्ट्रीय, प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ सभी विधायक, जनप्रतिनिधि और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता 7 दिन का विशेष सदस्यता अभियान चलाएंगे। जनसंख्या के दौरान पार्टी के विचारधारा और मोदी और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां पर चर्चा करनी है और कम से कम 100 प्रमुख मतदाताओं के साथ सम्पर्क से समर्थन कार्यक्रम का आयोजन करना है।

–रविवार को अटल सदस्यता पर्व मनाना है

1 से 15 अक्टूबर तक सदस्यता अभियान के द्वितीय चरण में समूह विशिष्ट सम्पर्क करना है जिसमें प्रबुद्ध वर्ग, व्यापारी, पूर्व सैनिक, खिलाड़ियों, सहकारिता समूह, स्वयंसेवी संस्थाओं व अन्य समूह से सम्पर्क करके सदस्य बनाना है। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि पूर्व में आयोजित आयोजित सदस्यता अभियान में लखनऊ महानगर ने लगभग 5 लाख सदस्यों को जोड़ने का कार्य किया था। इस बार हमारे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मिलकर उस लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे ।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top