Madhya Pradesh

इंदौरः संभागायुक्त ने किया खरगोन कलेक्टर, एसडीएम, तहसील कोर्ट एवं राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण

इंदौरः संभागायुक्त ने किया खरगोन कलेक्टर, एसडीएम, तहसील कोर्ट एवं राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण

– खरगोन में राजस्व महा अभियान 2.0 की समीक्षा की

इंदौर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । इंदौर संभाग के संभागायुक्त दीपक सिंह ने शुक्रवार को खरगोन प्रवास के दौरान राजस्व महा अभियान 2.0 की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर कोर्ट, अपर कलेक्टर कोर्ट, एसडीएम कोर्ट एवं तहसील कोर्ट खरगोन का निरीक्षण कर इन न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोर्ट में चल रहे राजस्व संबंधी प्रकरणों को देखा और पुराने प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि राजस्व महा अभियान का मैदानी स्तर पर प्रभावी रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। अभियान के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। पुराने लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। आमजन की राजस्व संबंधी समस्याएं सुनकर मौके पर ही निराकरण संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुये आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने समग्र ई केवायसी, नक्शा तरमीम, अविवादित नामांतरण और अविवादित बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती, स्वामित्व योजना सहित अन्य राजस्व कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने एवं उनकी सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने झिरन्या तहसील के राजस्व अभिलेख का निरीक्षण किया जिसमें पाया गया कि वह 1925 का रिकॉर्ड है और वर्तमान में उसका डिजीटलीकरण कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, जेएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी, एसडीएम भास्कर गाचले भी उपस्थित थे।

संभागायुक्त ने पांच लोगों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किये

संभागायुक्त दीपक सिंह एवं कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय खरगोन में 05 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किये। इनमें विनिता बड़ोले को सहायक ग्रेड-3 के पद पर राजस्व अनुभाग कार्यालय भीकनगांव, ज्योति हिरवे को सहायक ग्रेड-3 के पद पर कलेक्ट्रेट कार्यालय खरगोन, रोशनी मण्डलोई को सहायक ग्रेड-3 के पद पर तहसील कार्यालय कसरावद, सरिता वर्मा को सहायक ग्रेड-3 के पद पर तहसील कार्यालय भीकनगांव एवं यशवंत अजनारे को भृत्य के पद पर कलेक्ट्रेट कार्यालय खरगोन में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। संभागायुक्त ने नियुक्ति पत्र प्रदान करने के साथ ही इन लोगों से कहा कि वे अब शासकीय सेवा में आ रहे हैं, अतः उन्हें मन लगाकर और परिश्रम के साथ कार्य करना होगा।

नवग्रह मंदिर में संभागायुक्त ने की पूजा अर्चना, नवग्रह लोक निर्माण के लिए स्थल का किया निरीक्षण

संभागायुक्त दीपक सिंह ने शुक्रवार को खरगोन प्रवास के दौरान नवग्रह लोक परिसर निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवग्रह मंदिर में पूजा अर्चना की और वहां के पुजारी से मंदिर के इतिहास एवं धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, एसडीएम भास्कर गाचले, नगर पालिका सीएमओ एमआर निगवाल भी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) /घनश्याम

(Udaipur Kiran) तोमर / नेहा पांडे

Most Popular

To Top