RAJASTHAN

उम्मेद अस्पताल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर होगा मातृशक्ति का सम्मान

jodhpur

जोधपुर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । समाज में नारी पर बढ़ते अत्याचार और दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए महाभारत में द्रौपदी का चीरहरण रोकने वाले श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव उम्मेद अस्पताल में कार्यरत मातृ शक्ति कार्मिकों की ओर से मनाया जाएगा। उम्मेद अस्पताल भी करीब दस लाख बच्चों के जन्मस्थली बनने का गौरव अपने 85 साल के इतिहास में हासिल कर चुका है। इसी उपलक्ष में उम्मेद अस्पताल परिवार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को मातृशक्ति सम्मान के रूप में मनाएगा।

उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अफजल हकीम ने बताया कि जन्माष्टमी जन्म का पर्व है, नारी के मातृत्व प्राप्ति का पर्व है, ईश्वर ने नारी को ही मातृत्व की शक्ति प्रदान की है इसलिए ये जन्म के हर्ष के साथ साथ नारी शक्ति के सम्मान का भी पर्व है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्याक्ष डॉ.. रजवाना शाहिन ने बताया कि महाभारत काल में द्रौपदी के चीरहरण रोकने भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं अवतरित होकर नारीशक्ति के सम्मान का संदेश पूरी मानवजाति को दिया। आज इस युग में भी नारी का सम्मान खतरे में दिखाई दे रहा है और मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु कृष्ण को अवतरित होना होगा। उम्मेद अस्पताल की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ.. मंजू बोहरा ने बताया कि इस वर्ष चार दिन कृष्ण लीला थीम की झांकियां उम्मेद अस्पताल परिसर में लगाई जाएगी जिसमें कृष्ण लीला और उनके नारी सम्मान के आदर्श को रेेखांकित करेंगे।

उम्मेद सेन्ट्रल लैब प्रभारी डॉ. कंचन राठौड़ ने बताया कि जन्माष्टमी पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे जिसमं चार दिवसीय भगवान श्रीकृष्ण की झांकी, जन्माष्टमी के दिन सुबह उम्मेद अस्पताल में और शाम को शारूत्रीनगर में नारी सम्मान और सुरक्षा के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा।

नाटक के माध्यम से जोधपुरवासियों को नारी सम्मान का सामाजिक संदेश दिया जाएगा। नर्सिंग ऑफिसर गजेन्द्रा शेखावत ने बताया कि उम्मेद अस्पताल में कार्यरत स्टाफ के बच्चो हेतु फैंसी ड्रेस एवं कृष्ण लीला आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन, जन्माष्टमी की रात्रि को अस्पताल के कृष्ण मंदिर में आरती का आयोजन भी किया जाएगा और ठीक बारह बजे लेबर रूम और आपरेशन थियेटर में जन्म लेने वाले बच्चों को पीली पोशाक में आरती में भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही जन्माष्टमी की रात्रि को अस्पताल में जन्मे समस्त नवजात को अस्पताल की ओर से उपहार एवं ड्रेस वितरण किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top