RAJASTHAN

मासूमों से दुराचार के प्रति कम नहीं हो रहा आक्रोश : संगठनों का प्रदर्शन

jodhpur

जोधपुर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । शहर में मासूमों के साथ दुराचार की हो रही लगातार घटनाओं को लेकर विभिन्न संगठन अब सडक़ पर उतर रहे है। वे इन घटनाओं पर अंकुश लगाने सहित आरोपियों को कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है। शुक्रवार को भी कांग्रेस सहित कई संगठनों ने इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे।

शहर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने बताया कि मासूम बच्चियों एवं महिलाओं के साथ बढ़ती दुराचार की घटनाओं एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस के तत्वावधान में रोष प्रकट कर जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया कि जोधपुर में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ दुराचार अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हो रही हैं। ये अपराध न केवल पीडि़तों के जीवन को प्रभावित करते हैं, बल्कि मानव समाज के सामाजिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। जोधपुर शहर में पिछले दस दिनों में विभिन्न घटनाओं में तीन मासूम बालिकाओं के साथ हुई दुराचार की घटनाओं ने मानवता को शर्मसार किया है। अपराध के प्रति अपराधियों में भय खत्म होता जा रहा हैं। मासूम बालिकाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को रोकने में प्रदेश की भाजपा सरकार विफल रही है।

दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिये राज्य सरकार प्रभावी निगरानी व जांच तंत्र विकसित करने के साथ त्वरित सुनवाई के लिये फास्ट ट्रैक अदालतों के माध्यम से ऐसी कुत्सित मानसिकता के अपराधियों को कठोर से कठोर सजा दिलाऐं। प्रदेश में राज्य सरकार स्कूलों में कैम्प लगाकर बालिकाओं की सुरक्षा के लिये जन-जागरूकता अभियान चलाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, नगर निगम उत्तर की महापौर कुंती परिहार, देहात महिला जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी पटेल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने भी आज मासूस से दुष्कर्म के खिलाफ जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top