Bihar

स्नातकोत्तर भौतिकी विभाग में मनाया गया राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

कार्यक्रम में शामिल लोग

भागलपुर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर भौतिकी विभाग में शुक्रवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया। जिसमें चन्द्रयान-3 की सफलता पर विस्तार से चर्चा हुई।

विभागाध्यक्ष डॉ कमल प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का मनाया जाना अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी में भारत की प्रगति का उत्सव है। चंद्रयान-3 की सफलता ने न केवल भारत को वैश्विक अंतरिक्ष प्रतिस्पर्धा में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया, बल्कि इसकी सफलता इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की समर्पण और कड़ी मेहनत का भी प्रतीक है।

विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ जगधर मंडल ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का मनाया जाना भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण और प्रौद्योगिकी में प्रगति को दर्शाता है तथा चंद्रयान मिशन के पूरा होते ही भारत चांद पर सफल लैडिंग करने वाला चौथा देश बन गया। इसके साथ ही दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास उतरने वाला पहला देश बन गया।

इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शिवांशु ने प्रथम, नीतीश ने द्वितीय तथा ओम प्रवेश ने तृतीय पुरस्कार जीता। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में समीक्षा ने प्रथम, बादल ने द्वितीय तथा अफरोज ने तृतीय पुरस्कार जीता। अंकित कुमार ने चंद्रयान का मॉडल प्रस्तुत किया। मंच संचालन सुशील कुमार ने किया। इस कार्यक्रम में निर्जर वृन्द, मारिया जहां, राम कुमार, पुष्पराज हर्ष, उज्जवल प्रसाद, हिमांशी कुमारी, रोमा कुमारी तथा अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर / चंदा कुमारी

Most Popular

To Top