Haryana

हिसार : आईबी मैकेनिकल शाखा व सिटी शाखा ने गेट मीटिंग करके किया विरोध प्रदर्शन

गेट मीटिंग के दौरान काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन करते कर्मचारी।

सरकार व अधिकारियों पर लगाया टरकाउ रवैये का आरोप

हिसार, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन की आईबी मैकेनिकल शाखा व सिटी शाखा ने सर्व कर्मचारी संघ सरकार एवं विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन ने अधिकारियों पर लगातार टरकाउ रवैया अपनाने का आरोप भी जड़ा है।

इस संबंध में यूनियन के आह्वान पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को गेट मीटिंग कर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। गेट मीटिंग की अध्यक्षता संयुक्त रूप से आईबी मैकेनिकल के प्रधान विनोद फौजी व आईबी सिटी के प्रधान सतीश दनोदा ने की जबकि संचालन आईबी मैकेनिकल के सचिव दीपक मेहरा व आईबी सिटी सचिव राजेश माहीच ने किया। गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए प्रधान विनोद फौजी व सतीश दनोदा तथा दीपक मेहरा व राजेश माहीच ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि संगठन ग्रुप डी 2019 में भर्ती हुए कर्मचारियों की प्रमोशन व उनके पे ग्रेड को 1800 करने, सिंचाई विभाग में सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के प्रमोशन व विभागीय सर्विस रूल लागू करने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को समाप्त करके कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने सहित तमाम मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज सर्व कर्मचारी संघ विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आम जनता व कर्मचारियों के हितों को लेकर लगातार आवाज बुलंद कर रहा है। इस दौरान उन्होंने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के बारे में कर्मचारियों को अवगत कराया तथा भविष्य में कर्मचारी विरोधी किसी भी नेतृत्व को बहुमत ना देते हुए कर्मचारी,किसान,छात्र,मजदूर, महिला वर्ग की आवाज को उठाने वाले नेतृत्व एवं पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

गेट मीटिंग को यूनियन के जिला सचिव अभयराम फौजी, कैशियर सुरेंद्र फौजी, अमित, कर्ण सिंह, आईबी सिटी के कैशियर दीपक शर्मा, विनोद सैनी, रेशमा, स्वाति, आशा, निशा, ज्योति सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top