HEADLINES

पंजाब के राज्यपाल की तबीयत में सुधार, अस्पताल से मिली छुट्टी

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया

उदयपुर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । अपने घर उदयपुर आए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया की गुरुवार देररात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उदयपुर के राजकीय एमबी अस्पताल पहुंचाया गया। रात भर भर्ती रखने के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर शुक्रवार सुबह उन्हें छुट्टी दे गई।

बताया गया है कि गुरुवार रात को माछला मगरा स्थित निवास पर कटारिया को सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद तत्काल पास के ही डॉक्टर को बुलाया गया और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। बीपी बढ़ा हुआ होने से डॉक्टर के अस्पताल जाने की सलाह पर कटारिया का स्टाफ उनको सीधे अस्पताल लेकर रवाना हुआ। उन्हें रात करीब 11ः15 बजे एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उन्हें कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के आईसीयू में रखा गया।

कटारिया के घर से रवाना होने से पहले अस्पताल को सूचना कर दी गई, जिससे वहां डॉक्टर्स की टीम भी अलर्ट हो गई। अस्पताल में कटारिया का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उनकी जांचें कराई गईं, जिनकी रिपोर्ट नॉर्मल आई। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब पौने 8 बजे वे अपने घर लौट आए।

एमबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन के अनुसार कटारिया का थोड़ा बीपी बढ़ा हुआ था और उसके बाद उनका उपचार शुरू कर दिया गया। सभी रिपोर्ट भी सामान्य आईं। उनकी तबीयत ठीक होने पर सुबह छुट्टी दी गई। पंजाब के राज्यपाल कटारिया 16 अगस्त से उदयपुर प्रवास पर हैं और वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहे है। अब स्वास्थ्य कारणों से वे शुक्रवार सुबह के आयोजनों में शामिल नहीं होंगे।

(Udaipur Kiran) / सुनीता / संदीप / मुकुंद

Most Popular

To Top