Gujarat

कांग्रेस के सभी सदस्य विधानसभा से एक दिन के लिए निलंबित

विरोध करते कांग्रेस के विधायक

-गुजरात विधानसभा में मानसून सत्र का दूसरा दिन

गांधीनगर, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । गुजरात विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को कांग्रेस के सदस्यों ने उनके सवालाें काे सदन में न

रखने पर हंगामा किया। करीब 21 मिनट की ऊहापोह की स्थिति के बाद कांग्रेस के सभी सदस्य सदन से वाकआउट कर गए। बाद में अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कांग्रेस के सभी सदस्यों को एक दिन के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया।

विपक्ष के सवालों को सदन की कार्यवाही में शामिल न करने पर कांग्रेस के सदस्यों ने विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के सदस्यों ने अपने पर्चा लेकर सदन में दिखाना शुरू कर दिया, जिसमें कई मुद्दे लिखे थे। विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कांग्रेस सदस्याें काे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस के सदस्यों ने उनकी एक बात नहीं सुनी। सभी अपनी बात पर अड़े रहे। इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कांग्रेस सदस्याें के विधानसभा की कार्यवाही से निलंबन करने का प्रस्ताव रखा। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद अध्यक्ष शंकर चौधरी ने इस प्रस्ताव पर मत के लिए सदन में रखा। सदन के बहुमत से कांग्रेस सदस्यों को सत्र के दूसरे दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।

इससे पूर्व विधानसभा सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल से शुरुआत की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने वागरा सीट से विधानसभा के सदस्य अरुण सिंह रणा को ब्याजखोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के संबंध में सवाल पूछने के लिए कहा। सदन में सवाल पूछने से पहले ही कांग्रेस के विधायक अमित चावडा ने प्वॉइंट ऑफ आर्डर उठाया और कांग्रेस के सदस्यों के सवाल सदन पटल पर नहीं रखने का आरोप लगाया। उन्होंने अध्यक्ष से मांग की कि विपक्ष के सदस्यों के सवाल भी तत्काल सदन पटल पर शामिल किए जाए। करीब 21 मिनट तक इसी बात को लेकर हो-हल्ला चलता रहा। बाद में कांग्रेस सदस्यों ने वॉकआउट किया, जिसके बाद अध्यक्ष ने कांग्रेस के सभी सदस्यों पर कार्रवाई की।

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय सक्सेना

Most Popular

To Top