Chhattisgarh

पांच लाख के इनामी नक्सली डिप्टी कमांडर अजय ने किया आत्मसमर्पण

पुलिस के साथ खड़ा हुआ पांच लाख का इनामी नक्सली डिप्टी कमांडर अजय।

धमतरी, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । एसीएम सीतानदी एरिया कमेटी के डिप्टी कमांडर अजय ने आज गुरुवार को आत्मसमर्पण किया है। इस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है। धमतरी जिले में नक्सली अजय के खिलाफ फोर्स पर हमला, हत्या समेत अन्य छह अपराध दर्ज है।

नक्सली अजय छत्तीसगढ़ शासन के पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एवं माओवादी संगठन में दाम्पत्य जीवन, पारिवारिक सुख से वंचित रहने एवं माओवादियों के जीवन शैली व विचारधारा से क्षुब्ध होकर समर्पण क‍िया है। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय को नक्सली अजय ने बताया कि नक्सलियों की खोखली विचारधारा, भेदभाव-पूर्ण व्यवहार, उपेक्षा व प्रताड़ना से तंग आकर आत्मसमर्पण किया है। नक्सली अजय उर्फ अघन उम्र 26 वर्ष कांकेर जिला के निवासी है। उसने सुरका रायफल स्वनिर्मित सरेंडर किया है। यह संघम सदस्य के पद पर संगठन में भर्ती हुआ था। वर्ष 2010 तक बाल संघम सदस्य के पद पर कार्य किया। नक्सली अजय वर्ष 2017 में थाना खल्लारी ग्राम जोगीबिरदो के एक ग्रामीण की हत्या में शामिल था। वर्ष 2018 में थाना बोरई ग्राम कारीपानी मुख्य मार्ग में पेड़ काटकर मार्ग अवरुद्ध किया था। 2018 थाना खल्लारी ग्राम एकावारी में रोड किनारे पांच किग्रा टिफिन बम गड़ाया था। 2020 में थाना नगरी ग्राम घोरागांव पुलिस-नक्सली मुठभेड़ जिससे गोबरा एलओएस कमांडर रवि मारा गया था, उसमें शामिल था। वर्ष 2020 थाना मेचका ग्राम उजरावन के एक ग्रामीण की हत्या में शामिल था। वर्ष 2021 भाना खल्लारी ग्राम गादुल‌ बाहरा में एक ग्रामीण की हत्या में शामिल था। 2021 थाना खल्लारी ग्राम आमझर के एक ग्रामीण की हत्या में शामिल था।

संगठन छोड़ने का कारण

छग शासन की आत्मसमर्पण नीतियों से प्रभावित होकर भारत के संविधान पर विश्वास रखते हुए एवं संगठन में कार्यो की उपेक्षा करने, भेदभाव पूर्ण व्यवहार एवं माओवादियों के द्वारा आदिवासियों पर किये जा रहे अत्याचार से त्रस्त होकर उक्त माओवादी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने पर इसे उत्साहवर्धन के लिए शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25 हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / चन्द्र नारायण शुक्ल

Most Popular

To Top