Delhi

महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत तीज उत्सव समारोह में शामिल हुए

नई दिल्ली, 04 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने आज दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों और पीएमएमवीवाई की महिला लाभार्थियों के लिए आयोजित तीज उत्सव समारोह में भाग लिया। यह कार्यक्रम नजफगढ़ के श्री राम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, तीज सिर्फ एक त्योहार नहीं है बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत है। आज यहां आंगनबाड़ी लाभार्थियों और अन्य महिलाओं के बीच आकर बहुत खुशी हुई। दिल्ली सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा से हुई, जिसके बाद लोक गीतों और नृत्यों का आयोजन हुआ। समारोह का विशेष आकर्षण मेंहदी लगाने का सत्र और रंगोली प्रतियोगिता थी। इसके अतिरिक्त, महिला सशक्तीकरण और आत्म-देखभाल के महत्व पर भी कार्यक्रम में चर्चा हुई।

तीज पर्व एक पारंपरिक भारतीय त्योहार है जो मुख्य रूप से उत्तर भारत में महिलाओं द्वारा मनाया जाता है। यह त्योहार देवी पार्वती की पूजा और भगवान शिव के साथ उनके मिलन को समर्पित है। तीज में अक्सर महिलायें लाल और हरे रंग के कपड़े पहनती हैं। यह त्योहार मानसून के आगमन का प्रतीक है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / रामानुज

Most Popular

To Top