Uttar Pradesh

शासन प्रशासन को अधिकारी न पहुंचने पर किसानों ने लगाया जाम

सड़कों पर बैठकर जाम लगाते किसान

नौहझील ब्लॉक परिसर में हुआ था महापंचायत का आयोजन

मथुरा, 03 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय किसान कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. रामबाबू सिंह कटैलिया के नेतृत्व में शनिवार को नौहझील ब्लॉक मुख्यालय पर किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। शासन प्रशासन का कोई अधिकारी जब किसानों के बीच महापंचायत में नहीं पहुंचा, तो आक्रोशित किसान सड़क पर उतर आए। और बाजना तिराहे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर पुनः किसान ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंच गए।

मामला नौहझील ब्लॉक परिसर का है। यहां भारतीय किसान कल्याण समिति ने महापंचायत का आयोजन किया था। महापंचायत में थानों में भ्रष्टाचार, विद्युत विभाग द्वारा जनता का शोषण, यमुना एक्सप्रेसवे द्वारा जमीन अधिग्रहण (न्यायालय के आदेशानुसार 64 फीसदी मुआवजा तत्काल मिले) समेत एक्सप्रेसवे के सहारे सर्विस रोड बनाए जाने की मांगें रखी गईं। इसमें सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल हुए। उन्होंने अपनी अन्य समस्याएं भी रखीं। दोपहर 2.40 बजे तक महापंचायत में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी किसानों की बात सुनने नहीं पहुंचा। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया। वह बाजना तिराहे पहुंचे और सड़क जाम कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

किसान नेता रामबाबू सिंह कटैलिया ने बताया कि पिछले माह तीन जुलाई को भी समस्याओं को लेकर महापंचायत हुई थी। इसमें एडीओ पंचायत, एसडीओ आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। समस्याओं के समाधान की बात कही। एक माह बीतने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। मौके पर अभी कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा है। इससे जाम लगाया गया है।

(Udaipur Kiran) / महेश कुमार / राजेश

Most Popular

To Top