Delhi

नामी बदमाश माजिद गिरफ्तार, रोड़ रेज के चलते दो दिन पहले ही की थी महिला की हत्या

नई दिल्ली, 2 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी में सड़क पर बेवजह तकरार (रोड रेज) के दौरान एक महिला की हत्या के मामले में 28 वर्षीय आरोपित माजिद चौधरी को शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से एक 7.65 एमएम की पिस्तौल बरामद की गई है, जिसमें मैगजीन में 2 राउंड और चैंबर में 3 राउंड थे। इसके अलावा उसके पास से गांधी नगर के पुराने सीलमपुर इलाके से चोरी की गई एक बाइक भी बरामद की गई है।

उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को सिमरनजीत कौर अपने पति हीरा सिंह के साथ मौजपुर की ओर जा रही थी। तभी उनकी बाइक माजिद चौधरी के बाइक से टकरा गई। इसे लेकर दोनों में बहस हो गई। इसके बाद आरोपित माजिद ने फ्लाईओवर से नीचे से गोली चलाई, जो सिमरनजीत कौर के सीने के पास जा लगी। घटना के बाद उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी। हमलावर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया गया। बाद में हमलावर की पहचान माजिद चौधरी के रूप में हुई, जिसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी ने बताया की माजिद चौधरी की आपराधिक पृष्ठभूमि है। उसे 2015 में उप्र के साहिबाबाद में हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 6 साल बाद 2021 में वह जेल से बाहर आया था। उसे फिर 2022 में शालीमार गार्डन में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 5 महीने जेल में रहने के बाद वह कुछ दिनों पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / जितेन्द्र तिवारी

Most Popular

To Top