CRIME

गोरेगांव में डॉक्टर पत्नी की हत्या कर पति ने इमारत से कूदकर की आत्महत्या

मुंबई, 02 अगस्त (Udaipur Kiran) । गोरेगांव के जवाहर नगर इलाके में शुक्रवार को डॉक्टर पत्नी की हत्या कर पति ने इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली है। गोरेगांव पुलिस स्टेशन की टीम ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। इस दंपत्ति का बेटा दिल्ली में रहता है, पुलिस ने उसे घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे जवाहर नगर के टोपीवाला माल के पास एक व्यक्ति के इमारत से कूदने की सूचना मिली। मौके पर तत्काल पुलिस पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। उस व्यक्ति की पहचान किशोर पेडणेकर के रूप में हुई। छानबीन करने पर गोरेगांव पुलिस को पता चला कि किशोर पेडनेकर वसई में एक निजी कंपनी में काम करते थे, जबकि उनकी पत्नी राजश्री पेडनेकर फिजियोथेरेपिस्ट है।

पुलिस ने इसके बाद किशोर पेडनेकर की पत्नी से संपर्क करना चाहा और उनके गोरेगांव स्थित आवास पर पहुंची तो घर पर ताला लगा हुआ मिला। इसके बाद किशोर पेडनेकर के कपड़े में से बरामद चाभी से घर का दरवाजा खोला गया तो राजश्री पेडनेकर का शव बिस्तर पर मिला। राजश्री के शव के पास ही ओढ़नी मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि इसी ओढ़नी से राजश्री की गला घोंटकर हत्या की गई है। इस मामले की गहन छानबीन गोरेगांव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

(Udaipur Kiran) यादव / सुनीत निगम

Most Popular

To Top