Uttar Pradesh

कस्तूरबा विद्यालय की दो छात्राएं जाएंगी जापान

संध्या सरोज

-प्रयागराज और प्रतापगढ़ के स्कूलों से छात्राओं का चयन

प्रयागराज, 01 अगस्त (Udaipur Kiran) । कस्तूरबा विद्यालय से आठवीं तक की पढ़ाई पूरी करने वाली उत्तर प्रदेश की दो छात्राओं का चयन जापान भ्रमण के लिए किया गया है। एक सप्ताह के भ्रमण में ये विभिन्न पर्यटक स्थलों के साथ शोध संस्थान, विज्ञान से सम्बंधित संस्थानों को देखने के साथ कुछ विज्ञानियों से भी मिलेगी।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक की तरफ से जारी पत्र में बताया गया है कि कस्तूरबा विद्यालय बहरिया की छात्रा रही संध्या सरोज व प्रतापगढ़ जनपद के कस्तूरबा विद्यालय सड़वा चंद्रिका की रिया पटेल का चयन सकूरा साइंस हाईस्कूल प्रोग्राम जापान के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं 10 से 16 नवम्बर तक जापान का भ्रमण करेंगी। इसके लिए अभिभावकों का सहमति पत्र जरूरी है। घर से विद्यालय व दिल्ली तक जाने, भोजन व पासपोर्ट आदि बनवाने का व्यय डीपीओ मद से किया जाएगा। दोनों जिलों के बेसिक शिक्षाधिकारी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण कराएंगे।

यह खबर जैसे ही बहरिया के कस्तूरबा विद्यालय पहुंची छात्राएं व वार्डन प्रतिमा शुक्ला खुशी से झूम उठी। उन्होंने बताया कि संध्या हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय में पंजीकृत है। वहां मौजूद संध्या भी खुशी से फूले नहीं समा रही थी। उसने बताया कि पिता प्रेमचंद स्नातक तक कि पढ़ाई किये हैं। खेती किसानी करते हैं। मां नीलम देवी ने 12वी तक की पढ़ाई की है। पांच भाई दो बहनों में वह पांचवे नम्बर पर है। बड़े भाई कुलदीप ने परास्नातक की पढ़ाई पूरी कर टेंट व्यवसाय शुरू किया है। अन्य बहने भी पढ़ाई कर रही हैं। वह विज्ञान में रुचि रखती हैं पर सिविल सेवा में जाना चाहती है। उसे यह मौका मिला है, इसके लिए वह शिक्षकों की आभारी है।

बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि यह चयन विद्यार्थियों की विज्ञान में रुचि के आधार पर किया गया है। प्रयास है कि और भी छात्राएं विज्ञान विषय से जुड़ें। रचनात्मक गतिविधियों का हिस्सा बने। इसके लिए कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं की ऑनलाइन कक्षाएं गांधीनगर आईआईटी के विशेषज्ञ ले रहें हैं। विद्यालय में विशेष कम्प्यूटर लैब व अन्य सुविधाओं को देने का पूरा प्रयास है।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / राजेश

Most Popular

To Top