Uttar Pradesh

भाजपा सरकार में अस्पतालों में मरीजों को नहीं मिल रहा इलाज : अखिलेश यादव

भाजपा सरकार में मरीजों को अस्पतालों में नहीं मिल रहा इलाज : अखिलेश यादव

लखनऊ, 01 अगस्त (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन का जैसा हाल है उसमें बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की कतई उम्मीद नहीं रह गई है। भाजपा सरकार दावे बड़े-बड़े करते हैं पर उन्हें अस्पतालों की हकीकत नहीं दिखाई देती है। मरीज तड़प-तड़प कर जान दे रहे हैं। मासूम इलाज के बिना दम तोड़ रहे हैं। समाजवादी सरकार ने जनहित में जो इंतजाम किए थे भाजपा सरकार ने उन्हें विद्वेषवश बर्बाद करने का ही रिकार्ड बनाया है।

कई तस्वीरें आई है जिसमें स्ट्रेचर न मिलने और बेड न मिलने पर मरीज को लेकर परिजन भटकते दिखे हैं। सिद्धार्थनगर में 20 मिनट तक अस्पताल में बेटी को गोदी में लेकर पिता भटकता रहा फिर भी बेड नहीं मिला। थकहार कर उसे फर्श पर लिटा दिया गया। खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का दम निकल गया है। गोरखपुर एम्स में मरीजों को स्ट्रेचर नहीं मिल रहा है। मरीजों को ओपीडी तक गोद में उठाकर परिजन लाने को विवश है। सीतापुर जिले में अभी कुछ दिनों पहले अधेड़ व्यक्ति को समय पर वेंटीलेटर नहीं मिलने से मौत हो गई। लखनऊ के केजीएमयू से डेढ़ घंटे बाद बलरामपुर अस्पताल भेजने का निर्देश हुआ वहां पहुंचने से पहले ही मरीज की सांसे थम गई।

अस्पतालों में डॉक्टर समय से ओपीडी में नहीं बैठ रहे है इसकी खब़रें लगातर पेपरों में छप रही है बावजूद इसके मरीजों को घंटो-घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कभी तो डॉक्टर के दर्शन ही नहीं होते हैं। गरीब मरीजों को महंगी दवाएं लिख दी जाती है। सरकार सस्ती दवाओं के स्टोर चलाने के खूब दावे करती है लेकिन ऐसे स्टोरों में सभी दवाएं नहीं मिल पाती हैं।

सपा सरकार में जितने मेडिकल कॉलेज बने थे उसके बाद भाजपा सरकार में कुछ नहीं हुआ। कैंसर का रोग गंभीर होता जा रहा है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में कैंसर अस्पताल बनाया था, उसका जैसा संचालन होना चाहिए नहीं हो रहा है। घायल मरीजों को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी। प्रसूताओं और नवजात शिशुओं की मदद के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी। इन सभी सेवाओं को भाजपा सरकार ने बर्बाद करके रख दिया है।

सच तो यह है कि पिछले सात सालों में भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है। राज्य की खस्ताहाल व्यवस्था मरीजों के लिए काल बन रही है। निकम्मी भाजपा सरकार को 2027 में जनता सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top