Bihar

बिहार राज्य जूनियर शतरंज में दिव्यांशु बने चैम्पियन

बिहार राज्य जूनियर शतरंज में दिव्यांशु बने चैम्पियन

किशनगंज,01अगस्त (Udaipur Kiran) । गया में आयोजित बिहार राज्य जूनियर (U-19) शतरंज प्रतियोगिता 2024 संपन्न हुआ। इस शतरंज प्रतियोगिता में अपने प्रदेश के सभी जिलों से जिला-स्तर पर चयनित शीर्ष खिलाड़ियों के साथ-साथ अन्य चोटी के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें अपने जिले से भी दिव्यांशु कुमार सिंह शामिल थे। इनमें से कुल 86 खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए अपने जिले के शतरंज खिलाड़ी दिव्यांशु कुमार सिंह ने सर्वाधिक 7 में से 6 अंक अर्जित कर इस प्रतियोगिता में अजेय चैंपियन बनकर पूरे किशनगंज वासियों को गौरवान्वित किया।

इस योग्यता के आधार पर वे आगामी 20 सितंबर से हरियाणा में अयोजित राष्ट्रीय जूनियर (U-19) शतरंज प्रतियोगिता के लिए अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयनित हुए। गुरुवार को उपरोक्त जानकारी जिला शतरंज संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं वरीय संयुक्त सचिव तथा चेस क्रॉप्स सीईओ तथा खिलाड़ी के निजी कोच व मेंटर फिडे इंस्ट्रक्टर कमल कर्मकार ने दी।

अपने खिलाड़ी का परिचय देते हुए उन्होंने बताया की दिव्यांशु रोलबाग निवासी दीपक कुमार सिंह व विभा सिंह के पुत्र तथा स्थानीय इंटर हाई स्कूल के छात्र हैं। पिछले कई वर्षों से वे जिलास्तर पर एवं बाहर के अन्यान्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं। गौरतलब हो कि कुछ दिन पूर्व बिहार राज्य सीनियर शतरंज प्रतियोगिता में एतिहासिक चौथा स्थान प्राप्त कर अपने जिले का नाम रोशन किया था।

जिला शतरंज संघ परिवार के डा. दिलीप कुमार जायसवाल, युगल किशोर तोषनीवाल, त्रिलोक चंद्र जैन, आंची देवी जैन, डा. राजकरण दत्तरी, डा. इच्छित भारत, सुशांत गोप, ए कविता जूलियाना, धनंजय जायसवाल सहित दर्जन अन्य पदाधिकारियों ने दिव्यांशु को उनकी इन उपलब्धियां पर बधाई दी है।

(Udaipur Kiran) / धर्मेन्द्र सिंह / चंदा कुमारी

Most Popular

To Top