CRIME

गोकलपुरी इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली, 31 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके के फ्लाईओवर के पास पति के साथ बाइक से जा रही महिला के साथ छेड़छाड़ की गई। इस दौरान महिला ने विरोध किया तो बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी। इस घटना में महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। महिला बुराड़ी इलाके की रहने वाली थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला दोपहर 3:15 बजे बुराड़ी से दुर्गापुरी अपने पति के साथ जा रही थी। जब वह गोकलपुरी फ्लाईओवर के पास से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार लड़कों ने उसके साथ बदतमीजी की, जिसका विरोध करने पर लड़कों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पति महिला को जीटीबी अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही गोकुलपुरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मरने वाली महिला की पहचान सिमरनजीत के रूप में हुई है। वहीं पूरे मामले में पुलिस बयान देने से बच रही है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top