Gujarat

जूनागढ़ को 397 करोड़ के 91 विकास कार्यों की भेंट मिली

Bhupendra Patel

-मुख्यमंत्री का विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल

गांधीनगर, 30 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जूनागढ़वासियों को 397 करोड़ रुपए के 91 विकास कार्यों की भेंट देते हुए कहा कि राज्य में शहरी विकास में एक भी नगर पीछे न रहे, ऐसी प्रतिबद्धता के साथ राज्य सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जूनागढ़ शहर के इन विभिन्न विकास कार्यों के ई-शिलान्यास व ई-लोकार्पण से ईज ऑफ लिविंग का संकल्प साकार होगा।

पटेल ने कहा कि गरवा गिरनार (गौरवशाली गिरनार) की गोद में बसे ऐतिहासिक जूनागढ़ में अत्याधुनिक विकास का राज्य सरकार का लक्ष्य है। नरसिंह मेहता का यह नगर आज विकास की दिशा में अग्रसर बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शहरी विकास की नई परंपरा स्थापित हुई है। बढ़ती शहरी जनसंख्या को मूलभूत एवं बुनियादी ढाँचागत सुविधा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में महानगर पालिकाओं तथा नगर पालिकाओं को ढाँचागत विकास के कार्यों के लिए 2111 करोड़ रुपए के चेक प्रदान किए गए हैं, जिसमें जूनागढ़ महानगर पालिका को 34.40 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

कृषि मंत्री तथा जूनागढ़ जिला प्रभारी मंत्री राघवजीभाई पटेल ने कहा कि जूनागढ़ शहर क्षेत्र में 397.78 करोड़ रुपए की लागत वाले सीसी रोड, ड्रैनेज लाइन, स्विमिंग पूल, जीआईएस बेस मैचिंग सहित विभिन्न विकास कार्यों का ई-लोकार्पण तथा ई-शिलान्यास किया गया है।शहर के जोशीपुरा क्षेत्र के व्यापारियों की कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स से जुड़ी समस्या भी हल हो गई है। शहर में नरसिंह मेहता सरोवर तथा विलिंग्डन डैम के विकास के कार्य किए जाएंगे और शहर को 25 ई-बसें आवंटित की जाएंगी।

जूनागढ़ की महापौर गीताबेन परमार, मनपा आयुक्त ओम प्रकाश, उप महापौर गिरीशभाई कोटेचा, जिला कलेक्टर अनिल कुमार राणावसिया, मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष हरेशभाई परसाणा, स्थानीय भाजपा अध्यक्ष पुनीत भाई शर्मा आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय पाश

Most Popular

To Top