Delhi

इंडी गठबंधन का जंतर मंतर पर प्रदर्शन, नेता बाेले-तानाशाही कर रही केंद्र सरकार

नई दिल्ली, 30 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और जेल में उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ के आरोप में मंगलवार को इंडी गठबंधन ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया।

आम आदमी पार्टी के अनुसार इस प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, टीएमके, सीपीएम, सीपीआई, झारखंड मुक्ति मोर्चा, एनसीपी शरद पवार गुट, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट, सीपीआईएमएल समेत अन्य पार्टी के नेता शामिल हुए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनसीपी शरद पवार गुट के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने भारी बहुमत से सत्ता की बागडोर जिनके हाथ में दी थी, आज उन केजरीवाल को तानाशाह सरकार ने जेल में डाल दिया है। केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों पर हमला किया। देश के अन्य राज्य अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के साथ हैं।

सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी। मुश्किल की घड़ी में आम आदमी पार्टी के नेता टूटे नहीं, जो काबिले तारीफ है। मैं संसद में संजय सिंह को हमेशा केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हुए देखता हूं। आम आदमी पार्टी को जब भी जैसे भी सहयोग की जरूरत पड़ेगी। समाजवादी पार्टी हमेशा मदद के लिए खड़ी रहेगी।

शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट से संजय राउत ने कहा कि मैंने दिल्ली में देखा आई लव केजरीवाल, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि इंडिया लव केजरीवाल। संजय सिंह 6 महीने जेल में रहे, मैं खुद 4 महीने जेल में रहा। यह अन्याय जल्द खत्म हो जाएगा। तानाशाह सबसे डरपोक आदमी होता है। कल हमारी सरकार आएगी तो दिखाएंगे, ईडी व सीबीआई क्या होती है। यही ईडी सीबीआई उन्हें गिरफ्तार करके ले जाएगी। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सेनापति हैं। वह जेल में हैं और लड़ाई जारी है। उनके जेल से छूटने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। हम सब साथ खड़े रहेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार अल्पमत में है। बहुत जल्द सरकार गिरने वाली है और इंडिया गठबंधन सरकार बनाएगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में देश की दिशा और दशा बदली। आज देश के विभिन्न राज्यों से लोग मुख्यमंत्री के पक्ष में आए हैं। यह जानकर जेल में बैठे अरविंद केजरीवाल का सीना चौड़ा हो जाएगा। अभी भी संविधान को बचाना है। 240 आने के बाद भी अभी वे अहंकार हैं। भाजपा के लोग सांसद, विधायक और चुनाव चिह्न चुराते हैं। इसीलिए मैं कहता हूं कि यह देश चुराने वाले लोग हैं, हम लोग देश बचाने वाले लोग हैं।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / रामानुज

Most Popular

To Top