HEADLINES

राष्ट्रपति मुर्मू 5 से 10 अगस्त तक फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की यात्रा पर जाएंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

नई दिल्ली, 29 जुलाई (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 से 10 अगस्त तक फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू की फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा इस बात को रेखांकित करती है कि भारत इन देशों के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को कितना महत्व देता है तथा एक्ट ईस्ट नीति पर हमारा मजबूत फोकस दर्शाता है, जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने दस वर्ष पूर्व 2014 में 9वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में की थी।

राष्ट्रपति मुर्मू फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम मैवलिली काटोनीवरे के निमंत्रण पर 05-06 अगस्त को फिजी का दौरा करेंगी। यह भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की फिजी की पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति मुर्मू वहां राष्ट्रपति कैटोनीवरे और प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का फिजी की संसद को संबोधित करने और फिजी में भारतीय प्रवासियों से बातचीत करने का कार्यक्रम है। यह यात्रा फिजी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति मुर्मू न्यूजीलैंड की गवर्नर डेम सिंडी कीरो के निमंत्रण पर 7-9 अगस्त को न्यूजीलैंड का दौरा करेंगी। राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू गवर्नर जनरल कीरो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मिलेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू एक शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों से बातचीत करेंगी। यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा देगी।

राष्ट्रपति मुर्मू 10 अगस्त को राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के निमंत्रण पर तिमोर-लेस्ते का दौरा करेंगी। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी। तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री के राला ज़ानाना गुस्माओ राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। यह तिमोर-लेस्ते में भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की पहली यात्रा होगी।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार / रामानुज

Most Popular

To Top