HimachalPradesh

हिमाचल प्रदेश में छह माह में पहुंचे एक करोड़ 87 हज़ार पर्यटक

Tourists

शिमला, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में इस साल आने वाले सैलानियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। हालांकि मानसून सीजन में पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई है। इस साल जनवरी से जून तक एक करोड़ 87 हज़ार 440 पर्यटकों ने हिमाचल की वादियों का रुख किया है। इससे पहले 2022 की पहली छमाही में राज्य में 86.42 लाख पर्यटक पहुंचे थे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2018 की पहली छमाही में 89 लाख पर्यटक, 2019 में 99.57 लाख, 2020 में 22.04 लाख, 2021 में 19.75 लाख और 2022 में 86.42 लाख पर्यटकों ने प्रदेश का भ्रमण किया।

प्रवक्ता ने बताया कि दिसंबर 2022 में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचानते हुए पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी है। लाहौल-स्पीति के चंद्रताल, काजा और तांदी व किन्नौर के रकछम, नाको, चांगो और खाब में नए पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा कुफरी के समीप हसन वैली में स्काई वॉक ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार का वार्षिक 5 करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य है, इसके लिए सरकार साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित कर रही है, वहीं धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन सैलानियों के अनुभव को चिरस्मरणीय बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साल आई आपदा में पर्यटकों की संख्या गिरने के बाद प्रदेश सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया। प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर नवोन्मेषी प्रयास कर रही है। सरकार के प्रयासों से राज्य में पर्यटन को पंख लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में पर्यटन उद्योग के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के साथ कई कदम उठाए हैं। सड़क नेटवर्क और हवाई सम्पर्क सुविधा को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तारीकरण जारी है, जबकि बेहतर हवाई संपर्क सुनिश्चित करने के लिए राज्य के हर जिला मुख्यालय में हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। पांच हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। शिमला से बेहतर हवाई संपर्क सुनिश्चित करने के लिए संजौली हेलीपोर्ट को जल्द ही कार्यशील किया जाएगा।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा शुक्ला

Most Popular

To Top