Haryana

गुरुग्राम: तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का 50 साल का आरोपी गिरफ्तार

फोटो नंबर-04: पुलिस गिरफ्त में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी।

-पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म केस में काट चुका है 10 साल की सजा

-आरोपी पर पुलिस ने रखा हुआ था 50 हजार रुपये का ईनाम

-सीआईए सोहना, महिला पुलिस थाना पूर्व गुरुग्राम की टीमों ने किया काबू

गुरुग्राम, 24 जुलाई (Udaipur Kiran) । पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के केस में 10 साल की सजा काट चुके 50 साल के व्यक्ति ने फिर से तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर डाला। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का ईनाम रखा था। आरोपी को सीआईए सोहना व महिला थाना पूर्व गुरुग्राम की टीमों ने काबू किया।

26 अप्रैल 2024 को एक महिला ने महिला थाना पूर्व गुरुग्राम की पुलिस टीम को शिकायत देकर कहा था कि उसका पति एक ठेकेदार का पास काम करता है। ठेकेदार ने परिवार को रहने के लिए गांव रिठोज में कमरा दिया हुआ था। 25 अप्रैल 2024 को एक और व्यक्ति ठेकेदार के यहां काम करने आया। वह 25-26 अप्रैल की रात को उनके कमरे की बाहर ही सोया था। महिला ने कहा कि जब रात को उसकी आंख खुली तो 3 साल की बेटी कमरे में नहीं थी। बाहर देखा तो वह व्यक्ति भी नहीं था। बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। अगले दिन सुबह बच्ची कमरे से थोड़ी दूरी पर बेहोशी की हालत में मिली। बेटी के शरीर पर चोट के निशान थे। उस व्यक्ति ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। पोक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया। उप-निरीक्षक सत्यप्रकाश प्रभारी अपराध शाखा सोहना व महिला निरीक्षक गीता प्रबन्धक महिला थाना पूर्व गुरुग्राम की पुलिस टीमों ने आरोपी की गिरफ्तारी के खूब प्रयास किए। आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने गुरुग्राम, दिल्ली, झांसी, पूना, रतलाम में रेड की। आखिरकार आरोपी बुधवार 24 जुलाई 2024 को मध्यप्रदेश के रतलाम से पकड़ा गया। आरोपी की पहचान रतन निवासी गांव बलिहारी जिला छतरपुर मध्य-प्रदेश के रूप में हुई है। वह 50 साल का है। पुलिस पूछताछ में उसने वारदात को स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि मार्च-2024 में थाना चंदला मध्य-प्रदेश के इलाके में 6 वर्षीय लडक़े के साथ कुकर्म करने की वारदात को अंजाम दिया था। उस केस में भी वह वांछित था। पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी ने बताया कि वह वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए दूसरे शहर में चला जाता था। वहां कुछ दिनों तक मजदूरी करता था। वहां किसी बच्चे, बच्ची के साथ दुष्कर्म करके वहां से दूसरे स्थान पर चला जाता। पुलिस से बचने के लिए वह अपने ठिकने बदलता रहता था। आरोपी वर्ष-2005 में अपने ही गांव की एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के मामले में 10 वर्ष की सजा काट चुका है। जिसमें आरोपी सजा काट के वर्ष-2015 में जेल से बाहर आया था।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) हरियाणा / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top