Chhattisgarh

शहर में निकासी व्यवस्था बदहाल, गलियों में घुटनाें तक भरा पानी

कालोनियों में इस तरह से निकासी के अभाव में भरा हुआ है पानी।
सोरिद वार्ड के भर्रीपारा में दो दिन बाद भी गलियों से निकल नहीं पाया है वर्षा का पानी।

धमतरी, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) ।

कालोनियों में इस तरह से निकासी के अभाव में भरा हुआ है पानी।

जिले में हो रही अनवरत वर्षा ने शहर की निकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। धमतरी शहर के विभिन्न वार्डों में दो दिन बाद भी वर्षा जल की निकासी नहीं हो पाई है, जिसके चलते वार्डवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धमतरी शहर के सोरिद वार्ड से लगे भर्रीपारा पर में दो दिन से वर्षा जल की समुचित निकासी नहीं हो पाई है। घरों के सामने घुटनों तक पानी भरा हुआ है। घरों के सामने कमर तक पानी जमा होने से यहां रह रहे लोग काफी परेशान हो रहे हैं।

सोरिद वार्ड भर्रीपारा के रहवासी बलीराम साहू ने बताया कि बीते चार सालों से निकासी की व्यवस्था गहरा गई है। खेदू सिन्हा, जोहन निषाद, रामखिलावन यादव, संतराम ठाकुर, संतोष ठाकुर भगवानी सिन्हा, कुसुम बाई यादव, संतोष ठाकुर के घरों के सामने पानी जमा हुआ है। हर साल वर्षा ऋतु में घरों तक पानी भर जाता है। बीती रात तेज वर्षा के कारण घर तक पानी आ गया। इतवारी राम ने बताया कि वर्षा का पानी जमा है। गलियों में लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। भर्रीपारा के 15 से 20 परिवारों के घर के सामने पानी जमा हुआ है। लोगों को घुटने पर तक पानी को पार कर मुख्य सड़क में आना पड़ रहा है। इसी वार्ड के कोजूराम सिन्हा व शेष नारायण सिंह ने बताया कि वर्षा ऋतु के पूर्व में निकासी व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं देने के कारण इस तरह की स्थिति बनी है। जो लोग निकासी नाली मार्ग में अवरोध पैदा कर रहे हैं ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। पहले वर्षा का पानी सीधे सोरिद नाले में चला जाता था। निगम द्वारा नाले के दोनों और सीमेंट की दीवार बनाई जाने से निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस दिशा में भी नगर निगम को प्रयास करना चाहिए। सोरिद वार्ड की तरह ही रामपुर वार्ड, महिमा सागर वार्ड, स्टेशन पर सहित कई वार्डों में निकासी की समस्या बनी हुई है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top