RAJASTHAN

श्रावण शुरू, जोधपुर के शिव मंदिरों में हुआ रूद्राभिषेक

jodhpur

जोधपुर, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) । भोलेनाथ की आराधना के लिए खास माने जाने वाला श्रावण (सावन) सोमवार से शुरू हो गया। श्रावण के पहले दिन आज शिव मंदिरों और शिवालयों में रूद्राभिषेक सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहर के सभी शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जैकारे गूंज उठे। इस बार सावन मास के शुभारंभ पर सोमवार को प्रीति व आयुष्मान योग के साथ सर्वार्थसिद्धि योग भी बना है। इस योग को लेकर ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति इस योग में भगवान शिव की पूजा करता है, उसको कई गुणा फल की प्राप्ति होती है।

सनातन धर्म में सावन मास का विशेष धार्मिक महत्व होने से पूरे माह भगवान शिव की पूजा-अर्चना बड़े ही भक्ति भाव से की जाती है। इस बार पांच सोमवार होने के साथ ही 29 दिनों का पूरा माह होगा, जिसका समापन 19 अगस्त को होगा। ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि सावन की शुरुआत सर्वार्थ सिद्धि, प्रीति योग और आयुष्मान योग में हुई है। सावन में 23 जुलाई को पहला मंगला गौरी व्रत, 30 को दूसरा, 6 अगस्त को तीसरा और 13 अगस्त को चौथा मंगला गौरी व्रत होगा, जिसमें महिलाएं उद्यापन सहित पूजा अर्चना भी करती हैं। शहर में आज सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जलाभिषेक करने का तांता लगना शुरू हो गया, जिसमें दूध, केसर-चंदन, जल सहित अनेक द्रव्यों से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया

श्रावण के पहले दिन आज शिव मंदिरों में पंडितों एवं यजमानों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया। भूतेश्वर महादेव मंदिर, मंडलनाथ अचलनाथ महादेव मंदिर, सिद्धनाथ रोड, जबरेश्वर नाथ मंदिर, तारघर स्थित दूरसंचारेश्वर महादेव मंदिर रातानाडा स्थित गणेश मंदिर, शिव मंदिर पब्लिक पार्क, चांदपोल में सिद्धपीठ, रामेश्वर धाम, पंचेश्वर, गोरेश्वर महादेव मंदिर, जूना खेड़ापति शिव मंदिर, माता का थान, राम सागर चौराहा सहित अन्य शिव मंदिरों में यजमानों और पंडितों ने अभिषेक करने के साथ रूद्री पाठ किए। शहर के भीतरी क्षेत्र स्थित अचलनाथ महादेव मंदिर को रंगीन रोशनी व आकर्षक फूलमंडली से सजाया गया। वहीं शहर के प्रमुख शिवालयों में पूरे सावन मास में रुद्राभिषेक भी किए गए। शिव मंदिरों में कावडिय़ों की ओर से जलाभिषेक भी किया गया। इसके अलावा शिव मंदिरों में सावन सोमवार के उपलक्ष में विशेष श्रृंगार, फूलमंडली, विशेष पूजा अर्चना, अभिषेक, वेद मंत्रों का पाठ व भजन सहित विभिन्न तरह के आयोजन किए गए।

(Udaipur Kiran) / सतीश / संदीप

Most Popular

To Top