Uttar Pradesh

पर्यावरण संरक्षण एवं मातृत्व को समर्पित अभियान को सफल बनायें : प्रो आनंद शंकर सिंह

वृक्षारोपण करते प्राचार्य

-ईश्वर शरण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन

प्रयागराज, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर मन की बात कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आह्वान किया था। एक नागरिक के रूप में हमें समाज के लोगों में वृक्षारोपण के प्रति पर्यावरण संरक्षण एवं मातृत्व को समर्पित इस अभियान को सफल बनाने के लिए जन-जन में प्रसारित करना है।

उक्त विचार राष्ट्रीय सेवा योजना ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तत्वावधान में सोमवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आनंद शंकर सिंह ने वृक्षारोपण करते हुए व्यक्त किया।

महाविद्यालय एनएसएस प्रभारी डॉ अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि हमारी संस्कृति ‘वृक्ष देवो भव’ की है। यहां वृक्ष पूजे जाते हैं, हम धरती को मां का दर्जा देते हैं। हमें अपनी संस्कृति को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हुए समाज, समुदाय एवं राष्ट्र में इस अभियान को सफल बनाते हुए धरती और पर्यावरण को स्वस्थ बनाना होगा। हमारे युवा स्वयंसेवक इस कार्य में अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर सकते हैं। हमारे आसपास धरती जहां खाली स्थान हो वहां पर हम लोग वृक्षारोपण करें। कम से कम प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष अवश्य लगाये और मां को समर्पित करते हुए इस अभियान को जन अभियान बनाए।

डॉ मनोज कुमार दूबे ने बताया कि इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ शैलेश कुमार यादव, डॉ आलोक कुमार मिश्र, डॉ गायत्री सिंह, डॉ रुचि गुप्ता, डॉ कृष्णा सिंह एवं डॉ रेफाक अहमद तथा सभी इकाइयों के स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / राजेश

Most Popular

To Top