HEADLINES

गाय की महिमा को समर्पित होगा नवधा फिल्मोत्सव, पोस्टर रिलीज

नवधा फिल्मोत्सव का पोस्टर रिलीज

नोएडा , 22 जुलाई (Udaipur Kiran) । नवधा फिल्मोत्सव कार्यक्रम के पोस्टर का अनावरण सोमवार को यहां प्रेरणा भवन में हुआ। नवधा फिल्मोत्सव का आयोजन विश्व संवाद केन्द्र और दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति (मथुरा) संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

इस फिल्म महोत्सव में भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था में गोधन के महत्व को दर्शाया गया है। फिल्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागी को पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को भी सम्मानित किया जाएगा।

रा. स्व. संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र कुमार ने पोस्टर अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय आत्मनिर्भरता और मानवीय आदर्शों का आधार है। इसलिए वैदिक काल से लेकर आज तक भारतीय लोकजीवन का गौ सेवा और संरक्षण से सीधा संबंध रहा है। अब तो देश विदेश में कई वैज्ञानिक शोध से भी यह सिद्ध हो चुका है कि गाय का व्यापक आर्थिक और पर्यावरणीय महत्व है। प्राचीन काल से भारतीय संस्कृति में गौ माता उर्वरता और समृद्धि का प्रतीक रही हैं। यह अनगिनत लोगों के जीवन का आर्थिक संबल रही है। ऐसे में गाय के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नवधा फिल्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, मथुरा द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। इसमें तीन प्रमुख विषय शामिल हैं। पहला पंचगव्य चिकित्सा, दूसरा गौ उत्पाद (कॉस्मेटिक, गोबर की विभिन्न वस्तुएं), तीसरा प्राकृतिक खेती में गाय का योगदान।

नवधा फिल्मोत्सव पोस्टर अनावरण कार्यक्रम में सुशील (नोएडा विभाग के विभाग संघचालक), मधुसूदन दादू (अध्यक्ष, प्रेरणा जन सेवा न्यास) कृपाशंकर (प्रचार प्रमुख, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड) रवि श्रीवास्तव और मोनिका चौहान सहित अनेक गण्यमान्य जन उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / जितेन्द्र तिवारी / दधिबल यादव

Most Popular

To Top