Delhi

मासूम को अगवा कर बेरहमी से की हत्या

नई दिल्ली, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य जिले के आनंद पर्वत इलाके में घर के बाहर खेल रहे मासूम को अगवा कर बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान डेढ़ साल के आयुष के रूप में हुई है।

रविवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर एमसीडी के शौचालय में एक कपड़े में लिपटा मासूम का शव बरामद हुआ। मासूम के साथ हैवानियत के जो निशान मिले हैं, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। हमलावर ने मासूम के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार करने के अलावा उसके शरीर को सिगरेट से दागा हुआ था। इसके अलावा उसके शरीर पर दांत से काटने के भी निशान मिले हैं। घटना के बाद परिवार व अन्य लोगों ने न्यू रोहतक रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे बाद परिजनों को समझाकर सड़क से खाली किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उक्त मामले के लिए पुलिस की चार टीम बनाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार आयुष परिवार के साथ कठपुतली कालोनी, राजीव कैंप, आनंद पर्वत इलाके में रहता था। परिवार में पिता कुणाल कुमार, मां अन्नू और तीन साल की एक बहन है। आयुष के दादा मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7.30 बजे आयुष घर के सामने ही खेल रहा था। उसकी मां खाना बना रही थी। इस बीच अचानक आयुष गायब हो गया। जैसे ही इसका पता चला परिजन उसकी तलाश करने लगे। काफी तलाश करने के बाद भी जब आयुष का पता नहीं चला तो परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। रातभर उसकी तलाश करने के बाद भी मासूम का पता नहीं चला। इस बीच सुबह करीब 9.00 बजे एमसीडी के स्थानीय शौचालय में कपड़े में लिपटा मासूम का शव मिला।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / रामानुज

Most Popular

To Top