Uttrakhand

सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए युवा कांग्रेस ने किया यज्ञ

भाजपा सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए कांग्रेस ने किया यज्ञ, केदारनाथ मंदिर के प्रतीकात्मक स्वरूप के शिलान्यास का विरोध

देहरादून, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली में केदारनाथ धाम के प्रतीकात्मक मंदिर बनाए जाने को लेकर घमासान अभी रूकने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस लगातार इसको लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पर शनिवार को युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष का. मोहित मेहता (मोनी) के नेतृत्व में भाजपा सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया गया।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दिल्ली में बनाए जा रहे केदारनाथ मंदिर के प्रतीकात्मक स्वरूप के शिलान्यास का विरोध किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बनाए जा रहे केदारनाथ मंदिर के स्वरूप को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा इसके लिए जनता से सार्वजनिक माफी मांगे।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि केदारनाथ मंदिर से शीला ले जाकर दिल्ली में फाउंडेशन स्टोन रखा गया, जो धर्म, आध्यात्मिक मान्यताओं को व्यावसायिक मार्ग पर ले जाने का प्रयास है। प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि कोई भी मंदिर बनाए, लेकिन केदारनाथ की प्रतिकृति नहीं बननी चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष (महानगर युवा कांग्रेस प्रभारी) नवीन रमोला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धाम को व्यापार का केंद्र बना रही है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, मथुरादत्त जोशी, विजय सारस्वत, महेंद्र नेगी आदि उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top