Chhattisgarh

कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की नही आकाओं की चलती है : रामू रोहरा

कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की नही आकाओं की चलती है : रामू रोहरा

रायपुर, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से अब पार्टी संगठन सम्हाले नहीं सम्हल रहा है। इसका एक और नजारा शुक्रवार को धमतरी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में हुई कांग्रेस की बैठक में दिखाई दिया।जिसमें युवा से लेकर बुजुर्ग कार्यकर्ताओं ने अपनी उपेक्षा के लिए जमकर भड़ास निकाली और हंगामा मचाया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री रोहरा ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का आक्रोश कोई पहली बार सामने नहीं आया है। विधानसभा चुनाव के समय से लोकसभा चुनाव तक यह आक्रोश व्यक्त होता रहा है।विधानसभा चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव तक कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समवेत स्वर में अपनी उपेक्षा की बात कही, लेकिन सत्ता-संगठन में आपसी खींचतान के चलते कार्यकर्ता हमेशा हाशिये पर रखे गए। दरअसल कांग्रेस में लोकतंत्र नाम की किसी व्यवस्था का अस्तित्व ही नहीं है और इसीलिए कार्यकर्ताओं की शिकायतें और उपेक्षा की पीड़ा सुनने को कोई तैयार नहीं है। श्री रोहरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार बड़े नेताओं पर अपना गुस्सा उतारते रहे। संगठन के स्तर पर भ्रष्टाचार तक के संगीन आरोप लगाए गए। कार्यकर्ता लगातार चिठ्ठियाँ लिखकर संगठन की दुर्गति पर अफसोस जताते रहे और मौका मिलने पर मंच से भूपेश बघेल समेत बड़े नेताओं को मुँह पर खरी-खोटी सुनाते रहे। श्री रोहरा ने कहा कि बजाय कार्यकर्ताओं की वेदना दूर करने के, कभी बघेल ने अपने कार्यकर्ताओ को स्लीपर सेल तो कभी खुद बैज ने सत्ताभोगी कहकर अपमानित किया।

रोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इसीलिए कांग्रेस रसातल में जा पहुँची है और कांग्रेस के नेता फिर भी जुबानी तौर पर बेलगाम होते जा रहे हैं। धमतरी की बैठक में बैज की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं का हंगामा और अपने कतिपय नेताओं की मनमानी पर उनका खुला आरोप यह बताने के लिए पर्याप्त है कि कांग्रेस न केवल वैचारिक तौर पर, बल्कि संगठनात्मक तौर पर पूरी तरह खोखली हो चली है। रोहरा ने कहा कि कांग्रेस के जितने बड़े नेता, जो खुद भी हार गए हैं और जिनकी वजह से कांग्रेस हारी, अब वह रोज कार्यकर्ताओं को कोस रहे हैं, उनको धमकी दे रहे हैं! पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश, जिनके कारण विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हारी, लोकसभा चुनाव में 10 सीटें हारी, जिनके खिलाफ कार्यकर्ता लगातार चिठ्ठियाँ लिख रहे हैं, हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय कार्यकर्ताओं को ‘स्लीपर सेल’ बता रहे हैं और उन कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करवा रहे हैं। दीपक बैज, जो खुद स्वयं विधानसभा का चुनाव हार गए, उसके बाद उनके नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष रहते लोकसभा में कांग्रेस की करारी हार हुई है, अपनी खुद की लोकसभा भी वे बचा नहीं पाए और उसके बाद अब कार्यकर्ताओं सत्ता भोगी और न जाने क्या-क्या कह रहे हैं!

रोहरा ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का कोई मान नहीं है। राहुल गांधी से लेकर के भूपेश बघेल और दीपक बैज तक यह सब एक ही प्रकार के लोग हैं। राहुल गांधी कुत्तों को बिस्किट खिलाते हैं लेकिन कार्यकर्ताओं से मिलना पसंद नहीं करते हैं, वैसा ही भूपेश बघेल और दीपक बैज का हाल है।अनर्गल प्रलाप और कार्यकर्ताओं का सरेआम अपमान ही कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति और नियति बनती जा रही है।

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा / चन्द्र नारायण शुक्ल

Most Popular

To Top