RAJASTHAN

रविवार को पारंपरिक अंदाज में मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा पर्व

jodhpur

जोधपुर, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुरु पूजन का पर्व गुरु पूर्णिमा रविवार को पारंपरिक अंदाज में मनाया जाएगा। इस दिन गुरु की पूजा की जाएगी। इस दिन महाभारत के रचयिता ऋषि वेद व्यास का जन्म हुआ था। इस कारण इसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस दिन स्नान, दान-पुण्य का विशेष महत्व है।

जोधपुर। गुरु पूर्णिमा महोत्सव शहरभर के मठ मंदिर और आश्रमों में रविवार को उमंग व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। गुरु शिष्य के बीच स्नेह के इस उत्सव को लेकर भक्तों में काफी उत्साह दिख रहा है। वही मठ मंदिरों में धार्मिक आयोजनों के तैयारी जोर-शोर के साथ की जा रही है। तख्तसागर की पहाडिय़ों के मध्य स्थित बिजोलाई बालाजी मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन होगा। महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी महाराज ने बताया कि पूर्व संध्या पर बीस जुलाई को मंदिर प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 11.15 बजे से गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा इस दौरान शिष्य गुरु पूजन कार्यक्रम में भाग लेकर अपने गुरु की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लेगे। तत्पश्चात महाप्रसादी का वितरण होगा। सोमवार सुबह 11.15 बजे से शाम 7.30 बजे तक राम भक्त हनुमान के रोठ प्रसादी की जाएगी तथा प्रसाद वितरण के बाद महोत्सव का समापन होगा। इसी तरह बलवंत गिरी महाराज आश्रम में भी गुरु पूर्णिमा उत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। रामराज्य नगर स्थित चौपासनी में हिंगलाज माता मंदिर के गांधीपति मंडल महंत सर्वानंद गिरि महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर शनिवार को रात आठ से बारह बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा। रविवार सुबह गुरु पूर्णिमा पर सुबह हिंगलाज माता की पूजा अर्चना के बाद गुरु पूजन होगा।

यहां भी होंगे कार्यक्रम

सूरसागर में गांव गेंवा कनावतो का बास स्थित श्री काहवा गोगाजी महाराज धाम में रविवार को गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। धाम की गादीपति साध्वी सीमा किशोरी महाराज के सानिध्य में दोपहर में संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें मंजू डागा एंड पार्टी द्वारा गुरु भक्ति से ओत-प्रोत भक्ति सरिता प्रवाहित की जाएगी। साथ ही सुबह से शाम तक गुरु पूजन कार्यक्रम होगा। चांदणा भाकर ज्योति नगर स्थित श्री दादू कुटिया द्वितीय में संत सत्यराम दास के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। संत सत्यराम दास ने बताया कि इस अवसर पर गुरु पूजन व नाम दीक्षा, दोपहर में प्रसादी, सत्संग एवं आयोजन समिति द्वारा चयनित संगीत व विभिन्न क्षेत्र में उपलब्थि हासिल कर सराहनीय योगदान देने वाली विभूतियों को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सिद्धयोग के प्रणेता रामलाल सियाग के आश्रम अध्यात्म विज्ञान सत्संग केन्द्र में गुरु पूर्णिमा महोत्सव रविवार सुबह 10 बजे धूमधाम से मनाया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रवचन के बाद समस्त साधक एक साथ 15 मिनट तक संजीवनी मंत्र जाप के साथ ध्यान करेंगे। नागोरी गेट के बाहर कागा तीर्थ मार्ग स्थित उत्तम आश्रम (आचार्य पीठ) मेें डॉ. स्वामी रामप्रकाशाचार्य महाराज के सानिध्य में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। आश्रम के संत सुखदेव प्रसाद वैष्णव योगाचार्य ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन के अंतर्गत शनिवार को सुबह सात बजे से श्री रामचरितमानस का सस्वर अखण्ड पारायण प्रारंभ होगा जिसकी पूर्णाहुति रविवार को सुबह आठ बजे और इसके बाद गुरु पूजन (व्यास पूजन), गद्दी एवं खड़ाऊ पूजन, सुबह 11 बजे से सत्संग, भजन एवं संकीर्तन का आयोजन होगा।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top