Gujarat

गुजरात के रक्षा पीआरओ और रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ग्रुप कैप्टन एन. मनीष विशिष्ट सेवा के बाद भारतीय वायुसेना से हुए सेवानिवृत्त

Captain Manish

अहमदाबाद, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुजरात के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) और रक्षा मंत्रालय (एमओडी) के प्रवक्ता ग्रुप कैप्टन एन. मनीष 26 वर्षों से अधिक के प्रतिष्ठित करियर के बाद नेतृत्व और उत्कृष्टता की विरासत छोड़कर 15 जुलाई 2024 को सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस अधिकारी का जन्म दिल्ली में हुआ था और स्कूली शिक्षा के बाद, पुणे के खडकवासला में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के लिए उनका चयन हुआ। वायु सेना अकादमी में अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद, उन्हें 20 दिसंबर 1997 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में नियुक्त किया गया। अपनी सेवा के दौरान, उन्होंने मिग-21 टाइप-75, मिग-21 टाइप-77, इस्कारा, किरण, एचपीटी-32 जैसे विमान और कैनबरा फाइटर/बॉम्बर के विभिन्न वेरिएंट उड़ाए हैं। इतना ही नहीं वे विभिन्न प्रकार के सतह से हवा में मार करने वाले निर्देशित हथियारों जैसे आकाश, एमआरएसएएम और रूसी मूल के पेचोरा मिसाइल सिस्टम के भी जानकार हैं।

ग्रुप कैप्टन मनीष ने 2016 से 2018 तक भारतीय वायुसेना के सबसे बड़े फाइटर स्क्वाड्रनों में से एक की कमान संभाली है। उन्होंने दिल्ली स्थित एयर मुख्यालय के सर्वाधिक प्रतिष्ठित खुफिया निदेशालय में संयुक्त निदेशक के रूप में भी काम किया है। इस कार्यकाल के दौरान, उन्होंने मध्य यूरोप (चेक गणराज्य) और थाईलैंड की आधिकारिक विदेशी यात्राएं कीं और वहां दुनिया के अन्य सशस्त्र बलों के बारे में समृद्ध परिचालन अंतर्दृष्टि प्राप्त की। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति से पहले अपने अंतिम कार्यकाल में उन्होंने गुजरात और निकटवर्ती केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव के साथ-साथ दादरा और नगर हवेली के लिए रक्षा पीआरओ और रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के रूप में एक नियुक्त रहे। गुजरात के रक्षा पीआरओ के रूप में, इस अधिकारी ने गांधीनगर में ‘डिफेंस एक्सपो-2022’ के 12वें संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया, जहां 1000 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय रक्षा कंपनियों ने प्रदर्शन किया और 450 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित एयरो इंडिया-2023 के सुचारू संचालन में भी अपनी अहम भूमिका निभाई। दिसंबर-2022 में भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता संभालने के बाद इस अधिकारी ने जापान में पहले अंतरराष्ट्रीय अभ्यास, वीर गार्जियन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान किया गया। इस अधिकारी के समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप, इस अभ्यास पर न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के लोगों का ध्यान गया और काफी पब्लिसिटी भी मिली। इस अधिकारी के गौरवान्वित माता-पिता, एस. नागराजन और जानकी नागराजन ने अपने दोनों बेटों को देश की सेवा में समर्पित कर दिया है। उनके छोटे बेटे कमांडर एन. निशांत भारतीय नौसेना में एक सेवारत अधिकारी हैं और दिल्ली में नौसेना मुख्यालय में तैनात हैं। जानकी नागराजन ने दिल्ली में वायु सेना मुख्यालय में एक रक्षा नागरिक के रूप में और नागराजन ने कैबिनेट सचिवालय में भी कार्य किया है। ग्रुप कैप्टन एन मनीष की शादी जानकी मनीष से हुई है और उनकी शादी को 23 साल से अधिक हो गए हैं। जानकी मनीष ने पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातकोत्तर किया है और एक सर्टिफाइड लाइफ कोच हैं। दंपति की बेटी मीनाक्षी मनीष, 5 साल के एकीकृत कानून स्नातक की पढ़ाई कर रही है और बेटा सूर्या मनीष, गांधीनगर के दिल्ली पब्लिक स्कूल का छात्र है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / बिनोद कुमार पांडे / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top