RAJASTHAN

सदन की गरिमा बनाये रखने में सभी सहयोग करें, नियमों का पालन करें – देवनानी

देवनानी

जयपुर, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को सदन में व्यवस्था बनाये रखने के लिये विधायकगणों से कहा कि वे सदन की गरिमा को बनाये रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सदन नियमों और परम्पराओं से चलता है।

देवनानी ने कहा कि इस पवित्र सदन में जनता ने विधायकगण को चुनकर भेजा है। यहां की कुछ मर्यादाएं है, यहां के कुछ नियम है। जनता की हमसे बहुत कुछ अपेक्षाएँ है। देवनानी ने कहा कि सभी विधायकगण को सदन में नियमों का पालन करना होगा।

देवनानी ने विधायकगण से कहा कि वे सभी राजस्थान विधान सभा के प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियम के नियम 269 को पढ़ें और उन नियमों को अमल में लाये। इससे सदन की गरिमा बनेगी और आमजन में अच्छा संदेश जायेगा। उन्होंने कहा कि इस नियम को सदस्यगण पढकर आयेंगे तो सदन को चलाने में सुविधा रहेंगी और सदन की गरिमा भी बनी रहेंगी। देवनानी ने कहा कि सदन में बैठते और उठते समय शिष्टाचार का ध्यान रखें।

देवनानी ने कहा कि सदस्यगण जो एक-दूसरे की सीट पर जाकर बातचीत करते है, उस पर भी स्वंय अपने आप पर रोक लगायें। किसी सदस्यगण को किसी मंत्रीगण से मिलना है, तो उनके कमरों में जाकर मिले। सदन की व्यवस्था को बनाये रखने में सभी सहयोग करें। श्री देवनानी ने सदस्यों से अनुरोध किया कि सदन के नियमों का पालन करें।

देवनानी ने किया काव्य संग्रह का विमोचन

राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को यहां राजस्थान विधान सभा में पूर्व विधायक तरूण राय कागा के नव प्रकाशित काव्य-संग्रह माटी की महक का विमोचन किया। देवनानी ने कवि तरुण राय कागा को बधाई और शुभकामनाएं दी। देवनानी को कागा ने बताया कि कविता संग्रह में 101 कविताओं का संकलन किया है। इस मौके पर युवराज कागा और गर्वित कागा मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / इंदु

Most Popular

To Top