Madhya Pradesh

कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से भाजपा को लोकसभा चुनाव में मिली ऐतहासिक सफलता : राज्य मंत्री

छतरपुर : मध्यप्रदेश का  बजट 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा : राज्य मंत्री

छतरपुर, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से भाजपा को मध्यप्रदेश सहित देशभर में इस लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकर द्वारा बीते दस वर्षों में किए गए गरीब कल्याण, सुशासन के कामों और जनहित की योजनाओं के कारण ही मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी 29 लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा विधानसभा में जो बजट प्रस्तुत किया गया है, वह बजट जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए लाया गया है। यह बजट 2024 विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने वाला है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए को ऐतिहासिक बहुमत मिला और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। 62 वर्षों बाद देश ने किसी प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में जनादेश देकर स्वीकारोक्ति की है। भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की बताई चार जातियां युवा, गरीब, महिला और किसान सहित सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्यों से विजय मिली है।

मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा

राज्य मंत्री अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बताई गई चार जातियों के कल्याण के लिए मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार लगातार कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार का हाल ही में 03 जुलाई को विधानसभा में प्रस्तुत बजट प्रदेश की जनता को आत्मनिर्भर बनाने के साथ 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने वाला है। भारत के इतिहास में 6 दशकों के बाद स्थिर सरकार के वैश्विक महत्व को रेखांकित करते हुए लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए स्पष्ट बहुमत से हमारी सरकार एवं श्री नरेन्द्र मोदी जी को प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया। 2024 का यह चुनाव नीति, नीयत, निष्ठा और निर्णयों पर विश्वास का चुनाव रहा है। देश में बहुत से राज्य ऐसे है जहां भाजपा का अपना वोट प्रतिशत भी बढ़ा है जिसकी मुख्य वजह भाजपा की सरकारें एवं कार्यकर्ताओं की लगन तथा मेहनत रही है। 2019 के मुकाबले 2024 के लोकसभा चुनाव में देश के विभिन्न राज्यों में हमारा वोट प्रतिशत बेहतर हुआ है। जिसकी वजह हमारे कार्यकर्ताओं का धरातल पर निरंतर प्रवास एवं परिश्रम है। मध्यप्रदेश में इतिहास रचते हुए भाजपा ने पहली बार 29 में से 29 सीटें जीती है। यह रिकार्ड अब कोई भी तोड़ नहीं सकता है सिर्फ बराबरी कर सकता है। मध्य प्रदेश में पार्टी का मत प्रतिशत 2014 से सतत् बढ़ रहा है। 2019 में वोट प्रतिशत 58.00 था, जो 2024 के चुनाव में बढ़कर 59.27 हो गया है।

मध्यप्रदेश सरकार का बजट कुशल वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। हमारे कर्मठ व जुझारू मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार का प्रयास है कि आगामी 5 वर्षों में प्रदेश के वार्षिक बजट के आकार को दोगुना किया जाए। इस संबंध में पहला कदम 2023-24 के बजट की तुलना में बिना कोई नया कर लगाये वर्ष 2024-25 के बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रदेश में निरंतर कुशल वित्तीय प्रबंधन एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। 2003-04 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 13 हजार 465 रूपये थी, जो कि बढ़कर अब लगभग 11 गुना हो गई है। जनवरी-2024 में जारी रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश के 2 करोड़ 30 लाख लोग गरीबी से बाहर आये हैं। पिछले 10 वर्षो में चार करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं। तीसरे कार्यकाल में 3 करोड़ नए आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत मध्यप्रदेश में लाखों मकान बनाए जाएंगे। मध्यप्रदेश सरकार का यह बजट डॉ. मोहन यादव की सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है।

महिला सशक्तिकरण और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण के लिए प्रतिबद्ध

राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिला सशक्तिकरण और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को बराबरी का हक दिया है। भाजपा सरकार की लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, उज्जवला योजना, मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में स्वामित्व का अधिकार दिए जाने से महिलाओं में आत्मविश्वास की वृद्धि हुई है। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत योजना प्रारंभ से लेकर अब तक 48 लाख 3 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में पिछले वर्ष के बजट अनुमान रूपये 75 करोड़ में 3 गुना से अधिक वृद्धि की गई है। बैगा, भारिया, सहरिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु पी.एम. जन-मन योजना के अन्तर्गत इस वर्ष 22 नवीन छात्रावास प्रारंभ किये जा रहे हैं। क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगौन, तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना एवं रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय सागर की स्थापना की गई है। सागर में संत रविदास स्मारक स्थापित किया जा रहा है। मंडला में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापित की गई है।

कांग्रेस सनातन और राष्ट्रविरोधियों के साथ

मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि एक ओर जहां जनता के आशीर्वाद के साथ भारतीय जनता पार्टी सरकार लगातार पूरी पारदर्शिता, प्रमाणिकता और परिश्रम के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करती रही है, वहीं कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी लोकतंत्र में मजाक का विषय बन गयी है। यह भी पहली बार होगा कि कांग्रेस में अपनी नीति-नेतृत्व और सनातन विरोधी मानसिकता के कारण भगदड़ मची हुई है। अब तक सर्वाधिक कांग्रेसियों ने कांग्रेस छोड़ी है और भाजपा को अपनाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा महिलाओं के प्रति अभद्र और गैरकानूनी टिप्पणियां, कांग्रेस नेतृत्व का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार राजनीतिक परिदृश्य को दूषित करता है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद भी आत्म अवलोकन की अपेक्षा हुड़दंग और अराजकता कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। विकृत भाषा, तथ्यहीन आरोप, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस का नियमित व्यवहार बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस भारत का विरोध और भाजपा का विरोध करते करते अब हिन्दुओं का अपमान करने में गर्व महसूस करने लगी है। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश अपने दायित्व का ध्यान रखते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए जुटी है। हमारा विचार राष्ट्र प्रथम है और हमारी प्रेरणा अंत्योदय है। अभी हमें आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने के लिए हमे अपनी बूथ समिति के सशक्तिकरण के प्रयासों को और अधिक बढ़ाना है। पन्ना प्रमुख की संकल्पना को पूर्णतः सिद्ध करना है, क्योंकि ’संगठन तंत्र की शक्ति ही, वैभव का चित्र सजाती है।

(Udaipur Kiran) / सौरव भटनागर तोमर

Most Popular

To Top