Uttar Pradesh

गीता के ज्ञान से प्राप्त किया जा सकता है लक्ष्य : अशोक पाठक

संगोष्ठी

– कर्म योग से रह सकते हैं सुरक्षित : रामकृष्ण गोस्वामी

– भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान की ओर से जीआईसी में संगोष्ठी

प्रयागराज, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान नई दिल्ली की ओर से गिरते चरित्र, बढ़ते अपराध, घटती सुरक्षा और संकट को दृष्टि में रखते हुए लोक संवाद का आयोजन शुक्रवार को जीआईसी में किया गया। मुख्य वक्ता भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान नई दिल्ली के प्रदेश संयोजक अशोक पाठक ने कहा कि गीता के ज्ञान से कोई भी व्यक्ति किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने गीता के श्लोकों का अर्थ बताते हुए छात्रों को बताया कि जीवन में क्या, क्यों और कैसे करना है।

प्रदेश संयोजक ने कहा कि भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान की ओर से गिरते चरित्र, बढ़ते अपराध और घटती सुरक्षा की समस्या और संकट को दृष्टि में रखकर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती (06 जुलाई) से लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जयंती (23 जुलाई) तक प्रधानमंत्री कर्मयोगी मिशन के तहत 18 दिवसीय “कर्मयोगी उत्तर प्रदेश निर्माण अभियान“ का आयोजन ’लोक संवाद’ के माध्यम से किया जा रहा है। संस्थान 1999 से “अपराध मुक्ति वैचारिक क्रांति अभियान“ मानवाधिकार रक्षार्थ चला रहा है।

अशोक पाठक ने कहा कि यह कार्यक्रम गोरखपुर से प्रारम्भ होकर प्रदेश के अन्य जिलों वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, मैनपुरी व आगरा होते हुए वृन्दावन में समाप्त होगा। एल वेंकटेश्वर लू प्रमुख सचिव परिवहन विभाग और डॉ. सुरेन्द्रनाथ त्रिपाठी महानिदेशक, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान नई दिल्ली, प्रो आरएन त्रिपाठी सदस्य लोक सेवा आयोग प्रयागराज तथा अन्य प्रमुख लोगों का सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

मुख्य अतिथि रामकृष्ण गोस्वामी संस्थापक अध्यक्ष ने कहा कि कर्मयोग के माध्यम से सड़क सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा के साथ-साथ समग्र सुरक्षा करना सम्भव है। क्योंकि श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान से मन का विषाद दूर करके व्यक्ति को अपराध के मार्ग से सुमार्ग पर लाया जा सकता है। संस्थान के योजना प्रमुख गौरव मिश्र ने बताया कि गीता के ज्ञान से महात्मा गांधी, बालगंगाधर तिलक, सरदार वल्लभभाई पटेल, महामना मदनमोहन मालवीय, डॉ राधाकृष्णन व डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी, डॉ. अबुल कलाम जैसे महापुरुषों ने अपना ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के कल्याण में सहायक सिद्ध हुए।

विशिष्ट अतिथि राकेश तिवारी ने गीता के ज्ञान को नागरिक सुरक्षा का दृढ आधार बताया। प्रयागराज के आरटीओ प्रशासन राजेश मौर्या ने कहा कि ट्रैफ़िक नियमों का पालन सुनिश्चित करके दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ प्रभाकर त्रिपाठी, पवन पाण्डेय यातायात पुलिस निरीक्षक, रघुनाथ द्विवेदी उपाध्यक्ष, टेम्पो ई रिक्शा यूनियन डॉ अब्दुल कादिर, श्रेयम पटेल, आशीष, आयुष व प्रथम को गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। जीआईसी प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

(Udaipur Kiran) /विद्या कान्त

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top